नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास में शनिवार (22 नवंबर) को एक और बड़ा पड़ाव जुड़ गया है। जहां उत्तराखंड के हरिद्वार में जन्मे और रुड़की के ढंडेरा से ताल्लुक रखने वाले आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय टीम की कमान संभाली और भारत के 38वें टेस्ट कप्तान का गौरव हासिल किया।शुभमन गिल की इंजरी के कारण उन्हें यह गौरव मिला और वह भारत के 38वें टेस्ट कप्तान बन गए हैं।पंत, जो अब तक टीम की उपकप्तानी संभाल रहे थे, उन्होनें 28 साल 49 दिन की उम्र में यह जिम्मेदारी संभाली है। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कर चुके पंत का क्रिकेट करियर अब टेस्ट कप्तानी के साथ और भी चमकदार नजर आने लगा है।
पटौदी सबसे कम उम्र के कप्तान
टेस्ट में सबसे कम उम्र में कप्तानी करने का रिकॉर्ड मंसूर अली खान पटौदी के नाम है, जिन्होंने महज 21 साल 77 दिन की उम्र में यह कमान संभाली थी। ओवरऑल सबसे कम उम्र में टेस्ट कप्तान बनने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के राशिद खान (20 साल 350 दिन) के नाम है। पंत आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कर चुके हैं।
विराट कोहली: भारतीय क्रिकेट के सफलतम कप्तान
भारतीय टीम ने अपना पहला टेस्ट मैच 1932 में सीके नायडू की कप्तानी में लंदन के लॉर्ड्स में खेला था। तब से लेकर अब तक भारत ने कुल 598 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 185 जीत और 187 हार दर्ज की गई है। भारत के सबसे सफलतम टेस्ट कप्तान विराट कोहली हैं। कोहली ने 68 टेस्ट मैचों में कप्तानी की और 40 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की।महेंद्र सिंह धोनी ने भी 60 मैचों में 27 जीत के साथ टीम को मजबूती दी।
पंत ने अब तक 48 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 43.74 की औसत से 3456 रन बनाए हैं, साथ ही विकेट के पीछे 158 कैच और 15 स्टंपिंग की हैं।इस तरह, रुड़की के इस युवा सितारे ने भारतीय क्रिकेट में एक नया अध्याय जोड़ा है और टेस्ट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभालकर इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।




