नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अब ऑस्ट्रेलिया की मशहूर बिग बैश लीग (BBL) में खेलते नजर आएंगे। सिडनी थंडर ने उन्हें अपनी टीम के लिए साइन किया है। अश्विन बीबीएल में खेलने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बनेंगे।
वॉर्नर की टीम से जुड़ेंगे
अश्विन बीबीएल में डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली सिडनी थंडर की ओर से खेलेंगे। उन्होंने खुद कहा कि उन्हें वॉर्नर का खेल बहुत पसंद है और वह इस टीम के लिए प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित हैं।
दूसरे हाफ में होंगे उपलब्ध
अश्विन इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं। वह बीबीएल के दूसरे हाफ (14 दिसंबर से 25 जनवरी) में उपलब्ध होंगे। यानी वह पूरे टूर्नामेंट में नहीं, बल्कि बीच से टीम से जुड़ेंगे।
थंडर मैनेजमेंट का बड़ा बयान
सिडनी थंडर के महाप्रबंधक ट्रेंट कोपलैंड ने कहा,”यह बीबीएल के इतिहास का सबसे बड़ा करार है। पहला महान भारतीय और खेल का आइकॉन टीम से जुड़ रहा है। अश्विन बहुत ही प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं। भारत में बीसीसीआई का नियम है कि कोई भी सक्रिय खिलाड़ी विदेशी लीग नहीं खेल सकता। सिर्फ संन्यास लेने के बाद ही भारतीय खिलाड़ी ऐसा कर सकते हैं। इसलिए अश्विन को बीबीएल में खेलने का मौका मिला है।
पहले भी खेले थे भारतीय मूल के खिलाड़ी
हालांकि, अश्विन से पहले उन्मुक्त चंद और निखिल चौधरी बीबीएल में खेल चुके हैं। लेकिन वे भारत से बाहर जाकर वहां के डोमेस्टिक क्रिकेटर बने थे। वहीं अश्विन सक्रिय रहते हुए भारत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं और अब सीधे बीबीएल से जुड़ेंगे। अश्विन के इस कदम से बीबीएल को नया इतिहास मिलेगा और भारतीय फैंस के लिए भी यह खास पल होगा। अश्विन को सिडनी थंडर्स ने लीग के सर्वाधिक सैलरी बैंड में शामिल किया है। बीबीएल का टॉप ओवरसीज सैलरी ब्रैंड 4 लाख 20 हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर है। जो कि भारतीय मुद्रा में तकरीबन 2.45 करोड़ रुपये के बराबर है। इसै सैलरी बैंड में सिडनी थंडर्स ने कीवी पेसर लॉकी फर्ग्युसन को भी अपनी टीम में शामिल किया है।




