नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय स्पिनर अश्विन ने गाबा टेस्ट ड्रॉ होने के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया। उन्होंने बुधवार को अपने 14 साल के करियर को अलविदा कह दिया। अश्विन की गिनती देश के दिग्गज गेंदबाजों में होती है। भारत के सबसे कामयाब स्पिनर्स बिशन बेदी, ई प्रसन्ना, एस चंद्रेशखर, वेंकटराघवन और अनिल कुंबले की फेहरिस्त में अश्विन का नाम भी शामिल हो गया है। उन्होंने अपने करियर में कई बड़े रिकॉर्ड कायम किए और वह देश के सबसे कामयाब स्पिनर्स में शामिल हो गए।
अश्विन के नाम हैं ये बड़े रिकॉर्ड
अश्विन टेस्ट फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 537 विकेट लिए हैं। इस लिस्ट में पहला स्थान अनिल कुंबले के नाम दर्ज है, उन्होंने 619 विकेट लिए हैं। अश्विन ने कुछ दिन पहले ही बताया था कि उनकी नजर किसी के रिकॉर्ड पर नहीं है। वे जब महसूस करेंगे कि आगे सुधार नहीं कर पा रहे हैं तो रिटायरमेंट ले लेंगे। अश्विन एक पारी में सबसे ज्यादा बार पांच विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज है। उन्होंने 37 बार यह कारनामा कर दिखाया है।
टेस्ट में सबसे ज्यादा बार जीता है Player of the Series अवॉर्ड
अश्विन ने टेस्ट में सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीते हैं। उन्होंने 11 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड अपने नाम किया है। इस मामले में वे श्रीलंका के स्पिनर मुथैया मुरलीधरन की बराबरी पर हैं। वहीं अश्विन ने चार बार एक ही मैच में शतक और पांच विकेट लिए हैं। सबसे पहले साल 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ, इसके बाद 2016 में वेस्टइंडीज, 2022 में इंग्लैंड और साल 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ यह कारनामा कर दिखाया था। वहीं अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 350 विकेट पूरा किया है। उन्होंने 66 पारियों में 350 टेस्ट विकेट पूरे किए थे।




