-राजभवन उप्र एवं राजभवन मप्र के बीच अन्तर्राज्यीय खेल प्रतियोगिता का दूसरा दिन लखनऊ, 20 मार्च (हि.स.)। राजभवन परिसर में राजभवन उत्तर प्रदेश तथा राजभवन मध्य प्रदेश के बीच चल रही तीन दिवसीय अन्तर्राज्यीय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को क्रिकेट एवं वॉलीबॉल मैच खेला गया। दोनों ही मुकाबले उत्तर प्रदेश राजभवन के नाम रहे। प्रथम पाली में 8 बजे से क्रिकेट मैच राजभवन उत्तर प्रदेश तथा राजभवन मध्य प्रदेश के बीच खेल का शुभारम्भ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा दोनों टीमों से परिचय प्राप्त करने के पश्चात शुरू हुआ। दोनों टीमों के मध्य कुल 12-12 ओवर का मैच हुआ। राजभवन उत्तर प्रदेश के कैप्टन अशोक देसाई ने टास जीता और फिल्डिंग करने का निर्णय किया। राजभवन मध्य प्रदेश की टीम ने बैटिंग करते हुए 12 ओवर में 10 विकेट पर 53 रन बनाएं और राजभवन उत्तर प्रदेश को जीत के लिए 54 रन का लक्ष्य दिया। मध्य प्रदेश की और से फराज खान ने 2 छक्के और एक चौका लगाकर अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 18 रन बनाए। जवाब में राजभवन उत्तर प्रदेश की टीम ने 8वें ओवर की समाप्ति पर 54 रन बनाकर विजय श्री प्राप्ति की। कैप्टन अशोक देसाइ ने ओपनिंग में आकर सर्वाधिक 20 रन बनाकर नाबाद रहते हुए अपनी टीम को जीत दिलायी। राजभवन उत्तर प्रदेश की तरफ से अरविंद यादव ने सर्वाधिक 4 विकेट लिये। क्रिकेट टीम राजभवन उत्तर प्रदेश की ओर से अशोक देसाई, सचिन राय, अरविन्द यादव, प्रभाकर पाण्डेय, असीम बरूआ, संजय कुमार, अश्विनी, धर्मेन्द्र सिंह, देवांश, मनीष, वरूण और त्रिलोक सिंह नेगी ने भाग लिया जबकि राजभवन मध्य प्रदेश की और से टीम के कप्तान दीपक सेंगर, हरि ओम शुक्ला, राम बाबू, अजय शर्मा, फराज खान, राजकुमार चौरसिया, महेन्द्र, मनीष साहू, प्रदीप भार्गव, सानू खान, प्रताप बारिया एवं महेश धुर्वे ने भाग लिया। खेल की कमेंट्री जमाल सिद्दीकी ने की। इसके साथ ही द्वितीय पाली में वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजभवन उत्तर प्रदेश तथा राजभवन मध्य प्रदेश के बीच रोमांचक मैच खेला गया। दोनों टीमों के बीच हुये मुकाबले में राजभवन उत्तर प्रदेश नेे विजय प्राप्त की। राजभवन में चल रही इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का रविवार को समापन होगा। हिन्दुस्थान समाचार/संजय




