नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। IPL 2026 सीजन की शुरुआत होने को है। 28 मार्च से आईपीएल का फीवर शुरु हो जाएगा जिसमें पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। ऐसे में IPL में बने अद्भुत रिकॉर्ड्स की चर्चा होने लगी है। IPL के अभी तक 18 सीजन खेले जा चुके हैं जिसमें 23 हैट्रिक ली गई हैं। लेकिन एक हैट्रिक ऐसी रही जिसका रिकॉर्ड टूट पाना लगभग असंभव सा लगता है। ये रिकॉर्ड Pravin Tambe के नाम है जिन्होंने केवल 2 गेंदों में 3 विकेट झटककर हैट्रिक अपने नाम कर ली थी।
Pravin Tambe ने 2 गेंदों में हैट्रिक लेकर रचा इतिहास
IPL 2014 का सीजन अपने चरम पर था। लीग स्टेज में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच खेला जा रहा था। 16वां ओवर प्रवीण तांबे को थमाया गया। पहली गेंद उन्होंने गुगली डाली, मनीष पांडे इस पर चूक गए और विकेटकीपर संजू सैमसन ने स्टंप कर दिया। हालांकि ये गेंद वाइड थी, इसलिए प्रवीण को विकेट तो मिला लेकिन गेंद नहीं गिनी गई। इसके बाद पहली लीगल गेंद पर उन्होंने युसूफ पठान को आउट किया। दूसरी लीगल गेंद पर रयान टेन डोशेट आउट हो गए। फलस्वरूप 2 लीगल गेंदों में तांबे ने 3 विकेट लेकर ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जिसे आज तक उनके बाद कोई छू तक भी नहीं पाया है। हालांकि उनसे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के इसुरु उदाना के नाम था जिन्होंने साल 2010 में चैंपियंस ट्रॉफी में यह कारनाम पहली बार किया था।
बता दें कि राजस्थान रॉयल्स जैसी प्रतिष्ठित फ्रेन्चाइजी के लिए खेल चुके प्रवीण तांबे के नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 41 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू किया था। सबसे उम्रदराज डेब्यू करने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड उनके नाम है। बता दें कि उनके जीवन पर बॉलीवुड में एक फिल्म (कौन प्रवीण तांबे) भी बनी है।




