नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन मेलबर्न क्रिकेट स्टेडियम के बाहर जमकर हंगामा हुआ। यहां पहुंचे खालिस्तानी समर्थकों के साथ फैंस की झड़प हो गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए माहौल खराब नहीं होने दिया और मैच भी पूरा खेला गया। भारतीय प्रशंसकों को खालिस्तान समर्थकों के हिंसक विरोध का सामना करना पड़ा। स्टेडियम के बाहर खालिस्तानी समर्थकों ने भारत विरोधी नारे लगाने शुरू किए तो फैंस विरोध में उतर आए। जिसके बाद विवाद बढ़ता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और मामला सुलझाया। पुलिस ने यहां आगामी दिनों के मैच के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है।
पुलिस को मोर्चा संभालते हुए बीच-बचाव करना पड़ा
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा रहा है कि खालिस्तान समर्थक भारत विरोधी नारे लगा रहे थे। तब भारतीय फैंस ने राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्र का अपमान करने के आरोप में खालिस्तान समर्थकों का जमकर विरोध शुरू कर दिया था। इस बीच पुलिस को मोर्चा संभालते हुए बीच-बचाव करना पड़ा।
तिरंगा फहराया और देश के समर्थन में नारे भी लगाए
रिपोर्ट्स के मुताबिक खालिस्तानियों का एक समूह बिना टिकट के स्टेडियम में घुसने की कोशिश कर रहा था। वे भारत-विरोधी नारे लगाते हुए झंडे लहरा रहे थे। वहीं विक्टोरिया पुलिस कर्मियों ने खालिस्तानियों को हटाया। सोशल मीडिया पर शेयर हुए अन्य वीडियो में भारतीय फैंस ने अपने देश का समर्थन करते हुए तिरंगा फहराया और देश के समर्थन में नारे भी लगाए।
“इससे भारत की छवि खराब होती है”
वहीं एक अन्य वीडियो में दो इंडियन फैंस आपस में बातचीत करते हुए देखे जा रहे हैं। जिसमें वे कहते हुए दिख रहे हैं कि हम इसका समर्थन नहीं करते हैं, यदि आप ऐसा करना चाहते हैं तो भारत जाएं और वहां करें। वहीं दूसरे फैन ने कहा कि इससे भारत की छवि खराब होती है।
मेलबर्न टेस्ट मैच का कैसा है हाल?
मेलबर्न ग्राउंड में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के कैप्टन पैट कमिंस ने टॉस जीता। उन्होंने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सैम कोंस्टास ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छी पारी खेलते हुए 60 रन बनाकर आउट हुए। वहीं मार्नस लाबुशेन ने अर्धशतक पूरा किया, उन्होंने 72 रन बनाए। भारतीय गेंदबाज पहले दिन बॉक्सिंग डे टेस्ट में संघर्ष करते दिखे। जबकि दूसरे दिन भारत अभी तक 3 विकेट के नुकसान पर 153 रन बना चुका है।




