नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने अपने फैन्स को बड़ा सरप्राइज दिया है। टीम के मालिक संजीव गोयनका ने घोषणा की है कि न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन अब एलएसजी से जुड़ गए हैं। हालांकि, केन इस बार बतौर खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतरेंगे, बल्कि उन्हें ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम के स्ट्रेटजिक एडवाइजर (रणनीतिक सलाहकार) की अहम भूमिका सौंपी गई है। इसका मतलब है कि केन विलियमसन अब टीम की रणनीति, मैच प्लानिंग और खिलाड़ियों के मेंटल अप्रोच पर काम करेंगे।
संजीव गोयनका ने क्या कहा ?
संजीव गोयनका ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा “केन विलियमसन पहले भी सुपर जायंट्स परिवार का हिस्सा रह चुके हैं और अब लखनऊ सुपर जायंट्स के रणनीतिक सलाहकार के रूप में उनकी वापसी का स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। उनकी बेहतरीन नेतृत्व क्षमता, गहरी रणनीतिक समझ और खिलाड़ियों को प्रेरित करने की कला उन्हें टीम के लिए बेहद अहम बनाती है।”
IPL में 10 सीजन खेल चुके है केन विलियमसन
केन विलियमसन को आईपीएल का लंबा अनुभव है। एक खिलाड़ी के रूप में उन्होंने 2015 से 2024 तक कुल 10 सीजन खेले हैं। 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 735 रन बनाकर वे ऑरेंज कैप विजेता भी बने थे। 2022 तक उन्होंने SRH की कप्तानी की, जबकि 2023 और 2024 में वे गुजरात टाइटन्स का हिस्सा रहे, हालांकि उन्हें केवल कुछ ही मैचों में खेलने का मौका मिला। 2025 के मेगा ऑक्शन में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था।
विलियमसन पहले से ही सुपर जायंट्स परिवार से जुड़े हैं, क्योंकि वे इस साल डरबन सुपर जायंट्स के लिए SA20 लीग में खेल चुके हैं। वह न्यूजीलैंड के उन पांच खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने दुनियाभर की टी20 लीगों में खेलने के लिए केंद्रीय अनुबंध ठुकराकर कैजुअल कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर किए थे। माना जा रहा है कि विलियमसन टी20 विश्व कप में भी खेलते नजर आ सकते हैं, क्योंकि उन्होंने अभी तक इस फॉर्मेट से संन्यास नहीं लिया है।





