नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय टीम से लगातार बाहर चल रहे ईशान किशन अब टीम में वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इंडिया सी टीम में सरप्राइज एंट्री के बाद ईशान किशन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शतक लगा दिया। किशन ने 14 चौके और 2 छक्कों की मदद से 120 गेंदों का सामना कर 102 रनों की पारी खेली। ईशान की इस पारी के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि किशन बहुत जल्द टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं।
सरप्राइज एंट्री कर जमाया शतक
BCCI की सेंट्रल कॉन्टैक्ट से बाहर होने के बाद ईशान काफी समय तक क्रिकेट से दूर चल रहे थे, उन्हें टी20 विश्व कप की टीम में भी नहीं चुना गया था। हालांकि बुची बाबू टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद अब उन्होंने दलीप ट्रॉफी में मोर्चा संभाला है। ईशान चोट के चलते दलीप ट्रॉफी के पहले राउंड से बाहर हो गए थे। 12 सितंबर के सबको सरप्राइज करते हुए किशन को इंडिया सी टीम में चुना गया और उन्होंने शतक लगाकर वापसी का बिगुल बजाया। इस पारी के साथ उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले टी20 मुकाबलों के लिए भी दावेदारी पेश की है।
BCCI बनाम ईशान किशन
2023 में BCCI बनाम ईशान किशन का विवाद भी सामने आया था। दरअसल, बीते साल साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज से ईशान ने नाम वापस ले लिया था। उसके बाद उन्हें वापसी के लिए संघर्ष करना पड़ा। बीसीसीआई ने उन्हें घरेलू क्रिकेट के जरिए टीम में वापसी का रास्ता बनाने के लिए कहा था। ईशान ने बीसीसीआई के इस आदेश को नजरअंदाज किया जिसके बाद उन्हें बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया था।




