नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । मेगा ऑक्शन में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविड वार्नर को बड़ा झटका लगा। आईपीएल के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक वॉर्नर के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है, जबकि बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड वार्नर आईपीएल के सबसे सफल सलामी बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। वॉर्नर तीन बार ऑरेंज कैप जीतने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को हराकर अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। वॉर्नर आईपीएल में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
IPL 2025 की मेगा नीलामी प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है
IPL 2025 की मेगा नीलामी प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है और नीलामी में शामिल डेविड वॉर्नर को खरीदने में किसी भी फ्रेंचाइजी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई है। इस प्रकार, ऑस्ट्रेलियाई बाएं हाथ के बल्लेबाज आगामी आईपीएल में दिखाई नहीं देंगे। दरअसल, इस संबंध में जब फाइनल राउंड की शॉर्ट लिस्ट देखी गई तो पता चला कि वॉर्नर का उसमें कहीं कोई नाम ही दर्ज नहीं है, इस तरह से डेविड वॉर्नर अनसोल्ड रह गए। जबकि पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम में नजर आए वॉर्नर के इस बार भी चुने जाने की उम्मीद उनके फेन्स को थी, लेकिन 38 साल के वॉर्नर को किसी भी फ्रेंचाइजी ने खरीदने की पेशकश नहीं की। इसलिए अब यह भी कहा जा रहा है कि यह आईपीएल में वॉर्नर युग का अंत है ।
दोबारा IPL में मौका मिलने की संभावना नहीं
दरअसल, यह कहना इसलिए भी सच लगता है क्योंकि पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके वॉर्नर को दोबारा आईपीएल में मौका मिलने की संभावना नहीं है। फिर अगले सीजन में मिनी ऑक्शन के जरिए वापसी करना भी संदिग्ध नजर आ रहा है। डेविड वॉर्नर पिछले सीजन में खराब फॉर्म में थे। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला और 8 मैचों में केवल 168 रन बनाए। औसत सिर्फ 21 है। वैसे 38 वर्षीय डेविड वार्नर ने 184 आईपीएल मैचों में 40.52 की औसत से 6565 रन बनाए हैं। उन्होंने 4 शतक और 62 अर्धशतक लगाए हैं।




