नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। T20 world cup 2026 का समापन जीत के साथ हो चुका है। अब क्रिकेट फैंस को इंतजार है IPL 2026 के शुरु होने का। बुधवार रात को फैंस की इस उत्सुकता पर विराम लगता हुआ नजर आया। BCCI ने शुरुआती 20 मैचों का ऐलान कर दिया जिसका पहला मैच 28 मार्च 2026 को खेला जाएगा। ईरान और ईजरायल के बीच युद्ध से मीडिल ईस्ट में फैले तनाव के कारण फिलहाल आंशिक शेड्यूल ही जारी किया गया है। इस बार सीजन का पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
विदेशी खिलाड़ियों को भारत लाना बड़ी चुनौती
टी20 विश्व कप 2026 के लिए विश्व की सभी टीमें इंडिया आई थी। और इसी दौरान ईरान और ईजरायल के बीच घमासान युद्ध शुरु हो गया जिससे वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका की टीम भी खासी प्रभावित हुई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम का सफर काफी पहले खत्म हो गया था, लेकिन मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते उन्हें घर वापस लौटने में काफी समय लगा। इसी को लेकर समाचार एजेंसी पीटीआई को एक टीम के अधिकारी ने दिए अपने बयान में कहा कि वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों के जाने में काफी देर हो गई। उन्हें समय पर वापस भारत लाना मुश्किल काम होगा।
शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल जारी
BCCI ने आईपीएल 2026 के शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया जो 10 वेन्यू पर खेला जाएगा। इन वेन्यू में बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद का स्टेडियम शामिल हैं। मीडिल ईस्ट में तनाव और कुछ राज्यों में चुनाव के चलते अभी वेन्यू फाइनल करना लंबित है जिसके चलते बचे हुए आगामी मैचों का शेड्यूल दूसरे भाग में जारी किया जाएगा।




