नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मार्च महीने में आईपीएल की शुरुआत होने वाली है जिसे लेकर फैंस अभी से उत्सुक नजर आ रहे हैं। अबतक कई ऐसे नाम सामने आ रहे हैं जिनको कप्तानी का दारोमदार सौंपा जा सकता है। केएल राहुल उन नामों में से एक हैं जिन्हें दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी सौंपनें की चर्चा चल रही है। हालांकि इस रेस में अक्षर पटेल आगे निकलते हुए नजर आ रहे हैं। बता दें कि कप्तानी के अनुभव की बात करें तो केएल राहुल IPL 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए नियमित कप्तानी कर चुके हैं जबकि अक्षर पटेल ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में कप्तानी किया करते थे।
टीम ओनर पार्थ जिंदल ने दिया इशारा
अक्षर पटेल कई मौकों पर दिल्ली कैपिटल्स के लिए कप्तानी कर चुका हैं हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए उन्हें टीम इंडिया का उप कप्तान बनाया गया है। उनके इस बढ़े हुए कद की वजह से ही दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी उन्हें सौंपी जा सकती है जिसका इशारा खुद दिल्ली फ्रेन्चाइजी के सह मालिक पार्थ जिंदल दे चुके हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कह दिया कि अभी तक इसके बारे में पुख्ता जानकारी नहीं दी जा सकती। इसे आधिकारिक घोषणा के बाद ही तस्वीर साफ होती हुई नजर आएगी।
केएल राहुल और फैफ डू प्लासिस भी मजबूत दावेदार
दिल्ली कैपिटल्स ने जब अपने नियमित कप्तान ऋषभ पंत को रीलीज किया था तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि टीम का अगला कप्तान कौन होगा। मेगा ऑक्शन में जब फ्रेंचाइजी ने केएल राहुल को 14 करोड़ रुपये में अपने खेमे में शामिल किया तो लगा कि केएल राहुल अगले कप्तान हो सकते हैं। हालांकि अभी इनके नाम को भी खारिज नहीं किया जा सकता। इनके अलावा फैफ डू प्लासिस भी टीम की कमान संभालते हुए दिख सकते हैं जिन्हें हाल ही में मेगा ऑक्शन में टीम में शामिल किया गया है।





