नई दिल्ली, रफ़्तार। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह के वादे के मुताबिक आधिकारिक तौर पर रोहित शर्मा को टी-20 वर्ल्ड कप का कप्तान घोषित कर दिया गया है। रोहित लंबे समय बाद टी-20 फॉर्मेट में कप्तानी करेंगे। इससे पहले वनडे वर्ल्ड कप 2023 में कप्तानी की थी। उनके नेतृत्व में टीम ने कमाल का प्रदर्शन किया था, लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी। इसके बाद आईपीएल 2024 के लिए उन्हें मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाया गया। इन सब पर विषयों पर रोहित ने अब जवाब दिया है।
लंबे समय बाद होंगे कप्तान की भूमिका
फिलहाल रोहित मुंबई इंडियंस टीम की ओर से हार्दिक की कप्तानी में खेल रहे हैं। इसके बाद टी-20 वर्ल्ड कप में रोहित के नीचे हार्दिक उप कप्तान की भूमिका में होंगे। गुरुवार को रोहित से प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया कि आप दोबारा कप्तान की भूमिका में लंबे गैप के बाद होंगे, ये कैसा अनुभव होगा? इसके जवाब में रोहित ने कहा कि ये सब जीवन का हिस्सा है। सबकुछ आपके अनुसार नहीं चलेगा। मेरी लाइफ में मैंने कई कप्तानों के नीचे खेला है, इसलिए ये सब मेरे लिए नया और अलग नहीं है। जो कुछ आपके लिए है, आपको उसके लिए जाना होगा।
‘टीम की जरूरत के अनुसार सबकुछ करना पड़ता है’
रोहित ने यह भी कहा कि आपको एक खिलाड़ी के रूप में वो सब करना होगा, जो टीम की जरूरत होती है। मैं बीते एक महीने से यही करने की कोशिश कर रहा हूं। बता दें, रोहित ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 को देखते हुए टी-20 फॉर्मेट से ब्रेक ले लिया था। तब टीम की कप्तानी हार्दिक पांड्या के हाथों में थी।
मिडिल ओवरों में खुलकर खेलने वाले खिलाड़ी की जरूरत
रोहित ने कहा कि हमने न्यूयॉर्क में कभी नहीं खेला है। हमने पिचों के अनुसार ही प्लेइंग इलेवन और कॉम्बीनेशन बनाने पर बात की है। हमें मिडिल ओवरों में खुलकर खेलने वाले खिलाड़ी चाहिए थे। शिवम दुबे यह काम बहुत अच्छे से कर सकते हैं। आईपीएल और उससे पहले भी वह काफी बेहतर परफॉर्म कर रहे हैं। यह भी कहा कि वैसे अभी गारंटी नहीं है कि क्या प्लेइंग इलेवन होगी। न्यूयॉर्क जाकर इस पर फैसला लेंगे।
आईपीएल से पहले टीम सेलेक्शन
कप्तान ने बताया कि आईपीएल से पहले टीम सेलेक्शन पर चर्चा हुई थी। टीम सेलेक्शन का 70-80 प्रतिशत काम हो चुका था। उसके बाद कुछ बदलाव के लिए हमने जगह छोड़ी।





