नई दिल्ली, रफ्तार। कहते हैं एक तस्वीर एक हजार शब्दों के बराबर होती है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान केएल राहुल और फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका (Sanjeev Goenka) की एक तस्वीर काफी वायरल हो रही है। इस तस्वीर में दोनों गले मिल रहे हैं। तस्वीर वायरल होने की वजह है कि कुछ दिन पहले आईपीएल मैच के बाद मैदान पर सार्वजनिक तौर पर संजीव गोयनका ने केएल राहुल पर भड़ास निकाली थी। टीम को सनराइजर्स हैदराबाद से बड़ी हार मिलने के बाद यह वाकया हुआ था। आज टीम का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से है। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या सच में केएल राहुल और संजीव गोयनका के बीच सबकुछ ठीक है? या फिर यह टीम के अन्य खिलाड़ियों के मनोबल को ऊंचा रखने का महज एक प्रयास है।
गोयनका ने अपने घर खाने पर बुलाया
दरअसल, संजीव गोयनका ने केएल राहुल को दिल्ली स्थित अपने घर पर खाने के लिए बुलाया था। दोनों साथ में खाना खाया और फिर गले मिले। इसकी तस्वीरें अब वायरल हो रही हैं। दूसरी ओर केएल राहुल का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में केएल कह रहे हैं कि पिछले दो साल बतौर नई फ्रेंचाइजी हमारे लिए अच्छे गए हैं। टीम के नए कोच जस्टिन लैंगर हैं। हमारे साथ टीम मालिक के तौर पर संजीव गोयनका हैं। उन्होंने बहुत कॉम्पिटेटिव फ्रेंचाइजी बनाई है। टीम का शानदार बैलेंस है। उन्होंने फैंस से कहा कि टीम का सपोर्ट करने जरूर आएं। आप जब तेज आवाज में चीयर करते हैं तो एक बड़ा अंतर पैदा होता है।
टीम से रिलीज किए जाने की थी चर्चा
पहले केएल को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि संजीव गोयनका से विवाद के बाद टीम से रिलीज किया जा सकता है। ऐसा भी कहा जा रहा था कि उन्हें संभवत: आगे के मैचों में कप्तानी नहीं कराई जाए।
प्लेऑफ की रेस में LSG कायम
मामले में टीम के असिस्टेंट कोच लान्स क्लूजनर ने कहा था कि यह बड़ी नहीं, बल्कि सामान्य-सी बात थी। उन्होंने कहा था कि मुझे 2 क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस तरह की बातचीत में समस्या नहीं दिखती है। यह वाकया चाय पर जोरदार चर्चा की तरह है। बता दें, लखनऊ टीम ने 12 में से 6 मैचों में जीत हासिल की है। वह अभी प्लेऑफ की रेस में है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें– www.raftaar.in





