नई दिल्ली/ रफ्तार डेस्क। भारत बनाम बांग्लादेश (Ind vs Ban 2nd Test Day 4) मुकाबले में पहली पारी में बांग्लादेशी टीम 233 रन पर ऑल आउट हो गई जिसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा और यशस्वी जयसवाल ने मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से जमकर उत्पात मचाया और 3 ओवर में ही 51 रन बना डाले। भारतीय बल्लेबाजी विस्फोटक रही और विराट (Virat Kohli) और केएल राहुल (KL Rahul) समेत लगभग सभी बल्लेबाजों के बल्ले से रन निकले। 285 रन के स्कोर पर भारत के 9 विकेट गिर चुके थे जिसके बाद टीम इंडिया ने पारी घोषित कर दी।
खूब गरजा रोहित और जायसवाल का बल्ला
पहली पारी में 233 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम अलग ही रंग में नजर आई। ओपनिंग करने उतरे रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने शुरुआती 3 ओवर में ही 51 रन बना डाले जो कि एक विश्व रिकॉर्ड है। यह रिकॉर्ड पहले इंग्लैंड के नाम था जिन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ 4.2 ओवर में 50 रन बनाए थे। रोहित और जायसवाल की धमाकेदार पारी की बदौलत भारत ने 285 रन पर पारी घोषित कर दी।
दो दिन के बाद शुरु हुआ था मैच
भारत-बांग्लादेश (Ind vs Ban 2nd Test Day 4) के बीच दूसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ता दिखाई दे रहा है। पहले दिन का खेल जल्दी समाप्त हो जाने के बाद दूसरे और तीसरे दिन का खेल बिना गेंद डाले ही धुल गया। चौथे दिन मौसम ने साथ दिया और तब जाकर खेल शुरु हुआ। चौथे दिन बांग्लादेश 107 रन के स्कोर पर था जिसके बाद वह लंच तक 6 विकेट के नुकसान पर 205 रन जोड़ सका। मोमिनुल हक के शतक को छोड़ दें तो कोई भी बांग्लादेशी बल्लेबाज प्रभावी पारी नहीं खेल पाया। भारत की ओर से सबसे प्रभावी गेंदबाज आर. अश्विन और आकाशदीप रहे जिन्होंने 2-2 विकेट लिए।




