नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले के बीच अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा को आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाते हुए फटकार लगाई है। रांची में पहले वनडे के दौरान एक घटना के लिए हर्षित राणा के खाते में 1 डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।आईसीसी ने अपने बयान में बताया कि हर्षित राणा को ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है।यह आर्टिकल इंटरनेशनल मैच के दौरान आउट हुए बल्लेबाज को बेइज्ज़त करने वाली भाषा, हरकतें या इशारे करने से जुड़ा है, जिससे बल्लेबाज को गुस्सा आ सकता है।
हर्षित राणा के डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जुड़ा
भारतीय तेज गेंदबाज ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी रिची रिचर्डसन (एमिरेट्स ICC एलीट पैनल) द्वारा दी गई सज़ा को स्वीकार कर लिया। पिछले 24 महीनों में यह उनकी पहली गलती है।सज़ा की वजह पहले वनडे (रांची) में हुई एक घटना है। जिसमें 22वें ओवर में हर्षित राणा ने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस का विकेट लिया। ब्रेविस ने उनके पिछले ओवर में ‘नो लुक’ छक्का जड़ा था।विकेट लेने के बाद हर्षित राणा काफी जोश में आ गए और उन्होंने उंगली से पवेलियन की ओर इशारा किया। वायरल वीडियो में उनके व्यवहार को अति-आक्रामक और अपमानजनक माना गया।आईसीसी ने इसे ऐसा माना कि यह बल्लेबाज को अग्रेसिव रिएक्शन देने के लिए उकसा सकता था।इस आक्रामक इशारे के कारण हर्षित राणा के डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है।
सीरीज का दूसरा वनडे रायपुर में जारी
फिलहाल, दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा वनडे रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है।इस मैच में भी कप्तान केएल राहुल टॉस हार गए हैं। यह वनडे क्रिकेट में भारत की लगातार 20वीं टॉस हार है।टीम इंडिया ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।
हर्षित राणा का आक्रामक व्यवहार चर्चा का विषय
इस सीरीज में हर्षित राणा की सजा और उनका आक्रामक व्यवहार चर्चा का विषय बना हुआ है। फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ इस घटना पर अपने-अपने मत दे रहे हैं और भारतीय तेज गेंदबाज की भावनाओं को समझने की कोशिश कर रहे हैं।





