नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज भारतीय टीम के लिए निराशाजनक रही। दो मैचों की घरेलू सीरीज में भारत को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत को 408 रनों से शिकस्त मिली, जो टीम इंडिया के इतिहास में रनों के मामले में अब तक की सबसे बड़ी हार है। इससे पहले कभी भी टीम इतनी बड़ी मारक अंतर से नहीं हारी थी। इस हार ने क्रिकेट फैन्स के साथ-साथ टीम के पूर्व विकेटकीपर और कमेंटेटर दिनेश कार्तिक को भी नाराज कर दिया। कार्तिक ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने टीम की परफॉर्मेंस पर अपनी चिंता और नाराजगी जाहिर की।
दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया की हार पर जताई चिंता
टीम इंडिया की इस हार ने सिर्फ क्रिकेट फैन्स को ही नहीं, बल्कि पूर्व खिलाड़ियों को भी झकझोर दिया है। इसी कड़ी में पूर्व विकेटकीपर और कमेंटेटर दिनेश कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी नाराजगी और गहरी चिंता जाहिर की।
कार्तिक ने कहा कि अब वह दौर खत्म हो गया है जब विदेशी टीमें भारत में टेस्ट सीरीज खेलने से हिचकती थीं। उन्होंने कहा “अब विदेशी टीमों के लिए भारत आना उत्साह का विषय बन गया है। 12 महीने में दूसरी बार क्लीन स्वीप… पिछले तीन घरेलू टेस्ट सीरीज में दो बार टीम इंडिया को व्हाइटवॉश का सामना करना पड़ा है। यह भारतीय टेस्ट क्रिकेट के लिए गंभीर चिंता का विषय है।” उनके शब्दों से साफ दिख रहा था कि यह हार केवल एक मैच की हार नहीं, बल्कि एक चेतावनी है कि भारतीय टेस्ट क्रिकेट सही दिशा में नहीं जा रहा।
टीम कॉम्बिनेशन और चयन पर उठाए गंभीर सवाल
दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया की हालिया हार के बाद टीम चयन और कॉम्बिनेशन पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इस सीरीज में भारत ने “अत्यधिक ऑलराउंडर्स” खिलाए, जिससे टीम का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। कार्तिक ने उदाहरण देते हुए नीतीश रेड्डी का जिक्र किया, जो घरेलू सीजन में सिर्फ 14 ओवर फेंककर टेस्ट टीम में पेस ऑलराउंडर की भूमिका निभाने आए। उन्होंने आलोचना करते हुए कहा “इस सीरीज में भारत के केवल दो खिलाड़ियों ने फिफ्टी बनाई, जबकि दक्षिण अफ्रीका के सात खिलाड़ियों ने अर्धशतक जमाए। यह साफ दिखाता है कि हम कितने पीछे हैं।”
दिनेश कार्तिक ने नंबर-3 की भूमिका पर जताई चिंता
दिनेश कार्तिक ने भारतीय टीम की बड़ी कमजोरी के रूप में नंबर-3 बल्लेबाज की स्थिति को उजागर किया। उन्होंने बताया कि पूरे पिछले टेस्ट चैंपियनशिप में नंबर-3 की जगह अस्थिर रही है और बल्लेबाज का औसत केवल 26 का रहा। कार्तिक ने तंज भरे अंदाज में कहा, “आखिर हमारा पक्का नंबर-3 कौन है? कभी सुदर्शन खेलते हैं, कभी वॉशिंगटन सुंदर। हर मैच में बदलाव करने से टीम में स्थिरता कैसे आएगी?”
अगला टेस्ट अगले साल
दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया की हार पर बात खत्म करते हुए ध्यान दिलाया कि अगला टेस्ट अगले साल जून में है, यानी सात महीने का लंबा अंतराल है। उन्होंने सवाल उठाया “क्या हम इस हार को भूल जाएंगे, या इसे सुधार की शुरुआत के रूप में इस्तेमाल करेंगे?”





