नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मेलबर्न में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी की चौथा मैच दूसरे दिन तक पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के खाते में नजर आ रहा था लेकिन तीसरे दिन के खत्म होने तक भारत की स्थिति में भी सुधार हुआ है। नीतीश रेड्डी के शतक और वॉशिंगटन सुंदर के अर्धशतक के चलते दिन खत्म होने तक टीम इंडिया ने 9 विकेट खोकर 358 रन बना लिए। अभी क्रीज पर नीतीश रेड्डी और मोहम्मद सिराज मौजूद हैं।
नीतीश रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर ने संभाली टीम इंडिया की डूबती नैया
मेलबर्न में चौथे टेस्ट का जब दूसरा दिन खत्म हुआ तो ऑस्ट्रेलियाई टीम को लीडिंग एज था। अपनी पहली ही पारी में भारत ने 5 विकेट कुछ ही घंटे में खो दिए थे। हालांकि यशस्वी जायसवाल ने अपने बल्ले से कुछ जौहर जरूर दिखाए। दिन खत्म होने तक रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद थे। तीसरे दिन की शुरुआत भी कुछ खास नहीं हुई। लेकिन नीतीश रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर की जोड़ी ने मैदान पर खेल पलट दिया जिससे टीम इंडिया का आत्मविश्वास वापस आता हुआ नजर आ रहा है। नीतीश रेड्डी 105 रन बनाकर अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं जबकि वॉशिंगटन सुंदर अर्धशतक बनाकर आउट हो गए हैं।
टीम इंडिया अभी भी 116 रन पीछे
टीम इंडिया ने भले ही एक बार फिर मैच में वापसी की है लेकिन ऑस्ट्रेलिया के 474 रनों की बराबरी करने में अभी भी 116 रन पीछे है। हालांकि एक समय में फॉलोआन बचाने के लिए भी जद्दोजहद की स्थिति बन गई थी लेकिन सुंदर और नीतीश रेड्डी की शतकीय साझेदारी ने उस खतरे को टाल दिया गया। नीतीश उन चुनिंदा बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं जिन्होंने अपने पहले टेस्ट अर्धशतक को शतक में तब्दील कर दिया।




