नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत हासिल की थी। हालांकि, इस सीरीज जीत के तुरंत बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भारतीय टीम पर बड़ी कार्रवाई की है। ICC ने टीम इंडिया पर स्लो ओवर रेट (धीमी ओवर गति) के कारण जुर्माना लगाया है।
दूसरे वनडे में धीमी गति का खामियाजा
भारतीय टीम को यह सज़ा साउथ अफ्रीका के खिलाफ रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले के लिए मिली हैभारतीय टीम की मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना काटा गया है।टीम इंडिया पर यह कार्रवाई मैच में निर्धारित समय के भीतर ओवर पूरे न करने के कारण की गई है।एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के सदस्य रिची रिचर्डसन ने यह सज़ा सुनाई।मैच रेफरी ने पाया कि कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने निर्धारित समय में दो ओवर कम फेंके थे। यह कार्रवाई आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत की गई है।
स्लो ओवर रेट के नियम
आईसीसी के नियमों के अनुसार, न्यूनतम ओवर रेट उल्लंघन के लिए निर्धारित समय में ओवर पूरा नहीं करने पर खिलाड़ियों पर प्रति ओवर की दर से 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।चूंकि भारत ने दो ओवर कम फेंके थे, इसलिए पूरी टीम पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।भारतीय टीम के कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके चलते किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
अब T20I सीरीज की बारी
वनडे सीरीज के रोमांचक समापन के बाद, भारतीय टीम को अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की T20I सीरीज खेलनी है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 9 दिसंबर को कटक के मैदान पर खेला जाएगा।
बता दें कि रायपुर में हुए दूसरे वनडे में भारत ने विराट कोहली (102) और ऋतुराज गायकवाड़ (105) के शतकों की मदद से 358/5 का बड़ा स्कोर बनाया था, लेकिन एडेन मार्करम (110 रन) की बेहतरीन पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने यह मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया था।





