नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड पर ICC ने अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए सजा सुनाई है। ICC ने इन दोनों खिलाड़ियों पर ये कार्यवाही बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के दूसरे टेस्ट के दौरान मैदान पर हुई घटना को लेकर की है। हालांकि, ICC ने मोहम्मद सिराज पर कुछ ज्यादा ही सख्ती बरती है, जबकि ट्रैविस हेड को सजा के तौर पर डिमेरिट पॉइंट दे दिए।
मोहम्मद सिराज पर मैच फीस का 20% जुर्माना लगा
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेयर्स एंड प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए ICC आचार संहिता के आर्टिकल 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। ICC ने मोहम्मद सिराज पर मैच फीस का 20% जुर्माना लगा दिया है। ICC ने मोहम्मद सिराज पर यह जुर्माना ऐसी भाषा, क्रिया या हाव-भाव का प्रयोग करने के लिए लगाई है जो अपमानजनक है या जो आउट होने पर बल्लेबाज की आक्रामक प्रतिक्रिया को भड़का सकता है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रैविस हेड को भी इसी तरह के आर्टिकल का दोषी पाया गया है। हालांकि ICC ने ट्रैविस हेड की फीस नहीं काटी है।
दोनों ही खिलाडियों ने अपना-अपना दोष स्वीकार कर लिया है
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रैविस हेड को प्लेयर्स एंड प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए ICC आचार संहिता के आर्टिकल 2.13 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है।जो किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, अंपायर या मैच रेफरी, खिलाड़ी सहायक कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार से संबंधित है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रैविस हेड को उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट अंक दे दिया गया है। दोनों ही खिलाडियों ने अपना-अपना दोष स्वीकार कर लिया है। दोनों ने ही खिलाडियों ने मैच रेफरी रंजन मदुगले द्वारा प्रस्तावित प्रतिबंधों को स्वीकार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
पूरा विवाद एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में हुआ जब सिराज टीम इंडिया की तरफ से 82वां ओवर डाल रहे थे। शतक बनाकर दीवार की तरह खड़े हुए ट्रेविस हेड को शानदार इनस्विंग यॉर्कर डालकर सिराज ने आउट कर दिया। इसके बाद सिराज जब सेलेब्रेट कर रहे थे तभी हेड की तरफ से सिराज पर कुछ टिप्पणी की गई, जिसे सिराज की तरफ से कहा गया कि उन्होंने गाली दी। इसके बाद जब हेड वापस जा रहे थे तो सिराज की तरफ से भी उन्हें हाथ से बाहर जाने का इशारा किया गया। इसके बाद ऑफ्टर मैच सेरेमनी में हेड ने कहा कि मैने सिराज को सिर्फ वेल बॉल कहा था, जबकि सिराज ने अपनी सफाई में कहा कि हेड की तरफ से अपशब्द कहे गए थे जिसके बाद उन्होंने यह रिएक्शन दिया।





