नई दिल्ली, रफ्तार। भारतीय क्रिकेट टीम को नए हेड कोच मिल चुके हैं। अब बॉलिंग, बैटिंग और फील्डिंग कोच का चयन किया जाना है। हेड कोच गौतम गंभीर ने फील्डिंग कोच के लिए जोंटी रोड्स का नाम प्रस्तावित किया था, जिसे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खारिज कर दिया है। अब गंभीर ने बॉलिंग कोच के लिए साउथ अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी मोर्ने मोर्कल का नाम प्रस्तावित किया है। कोचिंग के मामले में मॉर्कल काफी अनुभवी हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स में साथ काम किए हैं दोनों
गंभीर चाहते हैं कि मोर्कल भारतीय टीम के बॉलिंग कोच बने। इस संबंध में गंभीर की मोर्कल से बातचीत भी हुई है। बता दें, गंभीर और मोर्कल ने आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSJ) में एक साथ काम किया है। गंभीर दो साल लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटॉर थे, तब से मोर्कल उस टीम के बॉलिंग कोच हैं।
वनडे वर्ल्ड कप बाद पद से दे दिया था इस्तीफा
बता दें मोर्ने मोर्केल वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच थे। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान का बेहद प्रदर्शन खराब रहा था। टूर्नामेंट खत्म होने के तुरंत बाद मोर्केल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
2006 से 2018 तक खेला है क्रिकेट
साल 2006 से 2018 के बीच मोर्कल ने साउथ अफ्रीका टीम की ओर से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेला है। उन्होंने 86 टेस्ट, 117 वनडे और 44 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट में 27.66 की औसत से 309 विकेट गिराए हैं। इसमें उनका बेस्ट 9/110 रहा है। उन्होंने वनडे में 25.32 की औसत से 188 और टी-20 इंटरनेशनल में 25.34 की औसत से 47 विकेट झटके हैं। वनडे में बेस्ट फिगर 5/21 और टी-20 इंटरनेशनल में 4/17 रहा है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in





