नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को उसके ही घर में ओवल टेस्ट में 6 रनों से हरा दिया। इस रोमांचक जीत के साथ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई। भारत ने इंग्लैंड को 374 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन इंग्लिश टीम 367 रन पर ऑलआउट हो गई।
एक समय इंग्लैंड मजबूत स्थिति में था
इंग्लैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 301/3 तक स्कोर बना लिया था। हैरी ब्रूक और जो रूट के बीच 195 रनों की जबरदस्त साझेदारी हो चुकी थी और लग रहा था कि मैच भारत के हाथ से निकल गया। लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कमाल कर दिया। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने दूसरी पारी में 5 विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 विकेट लेकर इंग्लैंड की उम्मीदों को तोड़ दिया। दोनों की धारदार गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
पहली पारी में भी दिखाया दम
भारत ने पहली पारी में सिर्फ 224 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन सिराज और कृष्णा ने मिलकर उन्हें 247 रन पर रोक दिया। पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड को केवल 23 रनों की बढ़त मिल पाई। दूसरी पारी में भारत की बल्लेबाजी में जान आ गई। ओपनर यशस्वी जायसवाल ने शानदार 118 रन बनाए। नाइटवॉचमैन आकाश दीप ने 66 रन की अहम पारी खेली। रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने भी 53-53 रन बनाकर टीम को 396 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
गंभीर का रिएक्शन वायरल
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने जीत के बाद सोशल मीडिया पर लिखा ,”हम कुछ जीतेंगे, कुछ हारेंगे… लेकिन हम कभी सरेंडर नहीं करेंगे। शाबाश लड़कों! उनका ये जोशीला संदेश फैंस के बीच वायरल हो गया। ओवल टेस्ट भारत के लिए सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि जज़्बे और संघर्ष की मिसाल बन गया। युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन, सटीक रणनीति और कभी न हार मानने वाली सोच ने इस मैच को यादगार बना दिया।





