नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir Birthday) का जन्म 14 अक्टूबर 1981 को दिल्ली में हुआ था। बांए हाथ के ओपनिंग बैटर रहे गंभीर आज 43 साल के हो गए हैं। ऐसे कितने ही मौके आए जब गंभीर ने अपनी बल्लेबाजी के दम पर भारत को मैच जिताने में अपनी अहम भूमिका निभाई। गंभीर ने घरेलू क्रिकेट की शुरुआत दिल्ली के लिए खेलने से की थी और आज टीम इंडिया के मुख्य कोच के तौर पर अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
दीवार पर फ्रेम करा कर रखते हैं 2011 वर्ल्ड कप जीत की जर्सी
देश के लिए खेलने वाली ओपनिंग जोडी में सबसे ज्यादा चर्चा में सहवाग-गंभीर की जोड़ी रही। गंभीर ने यूं तो कई मौकों पर भारत को जीत दिलाने में अपनी भूमिका अदा की है लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उनकी 2011 वर्ल्ड कप की पारी रही जिसमें उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 97 रनों की निर्णायक पारी खेलकर टीम इंडिया के खाते में वर्ल्ड कप ट्रॉफी डाल दी। उन्होंने कई मौकों पर बताया है कि उन्होंने उस मैच की जर्सी को अपने घर की दीवार पर फ्रेम करवा कर लगा रखा है। इसके अलावा उन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भी 75 रनों की पारी खेली थी जो जीत में मील का पत्थर साबित हुई थी।
कुशल रणनीतिकार माने जाते हैं गंभीर
गौतम गंभीर न सिर्फ एक कुशल बल्लेबाज के तौर पर जाने जाते हैं बल्कि कुशल रणनीतिकार के तौर पर भी उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने अपने क्रिकेटिंग कौशल से कई बार मैच भारत की झोली में ड़ाले हैं। न सिर्फ इतना बल्कि उनकी कप्तानी में KKR ने दो बार खिताब भी जीते हैं। उनकी लीडरशिप में 2012 और 2014 में आईपीएल में उन्होंने ट्रॉफी जीतकर अपना दबदबा बनाया। इसके अलावा IPL 2024 का खिताब भी कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीता जिसके मेंटर गौतम गंभीर थे।





