नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बीसीसीआई ने टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को एक अहम समीक्षा बैठक के लिए बुलाया है। यह बैठक बुधवार को रायपुर में आयोजित होगी। इसी दिन भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे खेला जाएगा। मीटिंग मैच से पहले होगी। एक रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड गंभीर और अगरकर से टेस्ट क्रिकेट में हालिया प्रदर्शन, टीम चयन की रणनीति और सीनियर खिलाड़ियों के साथ मैनेजमेंट के व्यवहार पर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगेगा। बैठक में विशेष तौर पर रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ टीम मैनेजमेंट के संवाद और सलूक पर स्पष्टता मांगी जाएगी। यह बैठक आने वाले समय में टीम इंडिया की दिशा और मैनेजमेंट की भूमिका तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
चयन और मैनेजमेंट समन्वय पर होगी बड़ी चर्चा
रिपोर्ट्स के अनुसार इस बैठक में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया, संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया, टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, और राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर शामिल होंगे। अभी यह तय नहीं है कि बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास इस बैठक में मौजूद रहेंगे या नहीं। वहीं, बैठक मैच वाले दिन ही रखी गई है, इसलिए सीनियर खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, चयन प्रक्रिया में निरंतरता लाना और टीम के प्रदर्शन में सुधार सुनिश्चित करना है।
BCCI की बढ़ी ये चिंता
अधिकारी का कहना है कि हाल के टेस्ट फॉर्मेट से जुड़े घटनाक्रम ने बोर्ड की चिंताएं बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि होम टेस्ट सीजन के दौरान मैदान के अंदर और बाहर, दोनों जगह रणनीतियों में भ्रम की स्थिति दिखाई दी। अधिकारी ने कहा “हमें आगे की योजना और स्पष्टता चाहिए, खासतौर पर जब अगली टेस्ट सीरीज लगभग 8 महीने बाद है।” हालांकि बैठक का एजेंडा सिर्फ टेस्ट क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा। अधिकारी के अनुसार, मौजूदा टीम मैनेजमेंट द्वारा सीमित ओवरों के सीनियर खिलाड़ियों के साथ किए जा रहे व्यवहार से भी असहजता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भारत अगले साल टी20 वर्ल्ड कप का डिफेंडिंग चैंपियन है और उसके बाद वनडे वर्ल्ड कप का भी एक बड़ा दावेदार है। ऐसे में इन मुद्दों को तुरंत सुलझाना बेहद जरूरी है।
बैठक में मैनेजमेंट-खिलाड़ी संबंध मजबूत करने पर रहेगा फोकस
रिपोर्ट में भले ही किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया हो, लेकिन हालात साफ तौर पर यह संकेत दे रहे हैं कि टीम मैनेजमेंट और दिग्गज खिलाड़ियों विराट कोहली व रोहित शर्मा के बीच संवाद की कमी को लेकर बीसीसीआई भी बेचैनी महसूस कर रहा है। दोनों स्टार खिलाड़ी पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से दूरी बना चुके हैं और नए मैनेजमेंट के साथ उनकी बातचीत कम होने की चर्चाएं लगातार चल रही हैं। ऐसे में यह जरूरी हो गया है कि विराट और रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को टीम से अलग-थलग महसूस न होने दिया जाए। इसी वजह से रायपुर में होने वाली बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां बोर्ड का जोर हालात सामान्य करने और मैनेजमेंट-खिलाड़ी संबंध मजबूत करने पर रहेगा।




