नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। डेविस कप वल्र्ड ग्रुप 1 प्लेऑफ टाई में भारत के खिलाफ 4-0 से हार के बावजूद डेनमर्क के कप्तान फ्रेडरिक नीलसन ने कहा कि वे इस हार से कई सकारात्मक चीजें सीखें हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनकी टीम ने दूसरे सेट में रोहन बोपन्ना और दिविज शरण के खिलाफ उन तीन मैच-पॉइंट्स को जीत लिया होता, तो खेल अलग हो जाता। उन्होंने कहा, इन मैचों से कई अच्छी चीजों को ध्यान में रखना है। हम आने वाले मैचों में कुछ अलग करेंगे और उम्मीद करते हैं कि भविष्य में हम जीत की तरफ बढ़ेंगे। नीलसन ने कहा, हमने अच्छा खेल दिखाया, हमारे पास तीन मैच-पॉइंट थे। लेकिन हम तब लड़खड़ा गए जब यह सबसे ज्यादा मायने रखता था। अगर हम उन अंकों को जीत लेते, तो चीजें बदल जातीं। लेकिन एक बात जो मैं जोड़ना चाहूंगा वह यह है कि भारत वास्तव में अच्छा खेला। घरेलू परिस्थितियां सब कुछ उनके पक्ष में जा रहा था, लेकिन हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। 2012 में विंबलडन युगल खिताब जीतने वाले डेनिश कप्तान को युगल में एक नया साथी मिला था। जोहान्स इंगिल्डसन के बजाय युगल में एकल खिलाड़ी मिकेल टॉरपेगार्ड को मैदान में उतारने के निर्णय के बारे में पूछे जाने पर नीलसन ने कहा, यह उनके एकल मैच के बाद तय किया गया था। उन्होंने एकल में अच्छा प्रदर्शन किया। मैं यह देखकर बेहद खुश हूं कि मिकेल युगल में बहुत बढ़िया खेले। यह उनका पहला युगल मैच था और मुझे लगता है कि उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। –आईएएनएस आरजे/एएनएम





