मेरठ, 20 मई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पिता किरण पाल सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। वह कैंसर का इलाज करवा रहे थे। उनका अंतिम संस्कार बुलंदशहर के पैतृक गांव में होगा। अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार का पैतृक गांव लुहारली बुलंदशहर जनपद में है। उनके पिता किरणपाल सिंह कैंसर की बीमारी से ग्रस्त थे। उनका वेलेंटिस कैंसर अस्पताल में उपचार चल रहा था। तीन दिन पहले ही किरणपाल सिंह को अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर वापस लाया गया था। बुधवार को उन्होंने खाना-पीना छोड़ दिया था। पिछले साल भी उनका दिल्ली के अस्पताल में एक महीने तक उपचार चला था। उसके बाद से घर में उनका इलाज चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा था। आईपीएल स्थगित होने के कारण भुवनेश्वर भी इस समय मेरठ में ही अपने पिता के पास थे। किरणपाल सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में ही होगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव डॉ, युद्धवीर सिंह, कोच संजय रस्तोगी, रविंद्र चौहान, अतहर अली, रजनीश कौशल आदि ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/विद्या कान्त




