कुइबा, 29 जून (हि.स.)। लियोनेल मेसी के दो गोलों की बदौलत अर्जेंटीना ने यहां चल रहे कोपा अमेरिका फुटबॉल टूर्नामेंट में बोलिविया को 4-1 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ ही अर्जेंटीना मौजूदा कोपा अमेरिका में ग्रुप ए में चार मैचों में 10 अंक हासिल कर शीर्ष पर है। टीम अब रविवार को क्वार्टर फाइनल में इक्वाडोर से भिड़ेगी। इस मैच में अर्जेंटीना ने आक्रामक शुरूआत की। मैच के छठें मिनट में ही अलेजांद्रो डारियो गोमेज़ ने गोल कर अर्जेंटीना को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद मैच में मेसी का जादू चला और उन्होंने क्रमश: 33वें और 42वें मिनट में दो गोल कर अर्जेंटीना की बढ़त 3-0 कर दी। हाफ टाइम तक अर्जेंटीना ने अपनी 3-0 की बढ़त बरकरार रखी। हाफ टाइम के बाद मैच के 60वें मिनट में इरविन सावेद्रा ने गोल कर बोलिविया का खाता खोला और स्कोर 3-1 हो गया। लुटारो मार्टिनेज ने मैच के 65वें मिनट में गोल कर अर्जेंटीना की बढ़त 4-1 कर दी और अंत में यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ। एक अन्य मैच में, उरुग्वे ने चल पराग्वे को 1-0 से हराया। इस जीत के साथ ही उरुग्वे ग्रुप ए में सात अंक हासिल कर अंकतालिका में दूसरे स्थान पर रहा। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील




