नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । इस वक्त खेल जगत से जुड़ी एक बड़ी और अहम जानकारी सामने आ रही है। भारत के स्टार टेस्ट क्रिकेट के बल्लेबाज और क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया है। रविवार को क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने एक इमोशनल पोस्ट लिखकर इसकी घोषणा की। इस भावुक पोस्ट में उन्होंने अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। क्रिकेट फैंस और अपने शुभचिंतकों को शुक्रिया कहा।
उन्होंने लिखा, “भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और हर बार मैदान पर कदम रखते ही अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करना। इन सबको शब्दों में बयां करना मुश्किल है। लेकिन जैसा कहा जाता है, हर अच्छी चीज का अंत होता है। मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है।”
महान राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व
राजकोट के एक छोटे से शहर से सफर शुरू करने वाले पुजारा ने अपने बचपन के दिन और सपनों को याद करते हुए लिखा, “मैंने सितारों को छूने का सपना देखा था, लेकिन इस खेल ने मुझे उससे भी ज्यादा दिया। अमूल्य अवसर, अनुभव, उद्देश्य, प्यार और सबसे बढ़कर अपने राज्य और इस महान राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने का गर्व।”
उन्होंने BCCI, सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन और अपने करियर में शामिल सभी टीमों, फ्रेंचाइजियों और काउंटी टीमों का आभार जताया। साथ ही कोचों, टीममेट्स और फैन्स का भी धन्यवाद किया जिन्होंने उन्हें हर मोड़ पर समर्थन दिया।
सपोर्ट के लिए फैंस को कहा शुक्रिया
चेतेश्वर पुजारा ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, “खेल की वजह से मैं दुनियाभर में पहुंचा और इस दौरान फैंस का जोशीला समर्थन और ऊर्जा हमेशा मेरे साथ रही। जहाँ भी मैंने खेला है, वहां बहुत समर्थन मिला और हमेशा मैं इसका आभारी रहूंगा।”
चेतेश्वर पुजारा अंतर्राष्ट्रीय करियर
बता दें कि, 37 वर्षीय चेतेश्वर पुजारा टेस्ट क्रिकेट के एक भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक थे। उन्होने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 103 टेस्ट और 5 वनडे मैच खेले। 103 टेस्ट की 176 पारियों में पुजारा ने 7195 रन बनाए, इसमें 19 शतक और 35 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। पुजारा का टेस्ट सफर शानदार रहा, हालांकि वह काफी समय से टीम में जगह नहीं बना पा रहे थे।





