नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज के अंतिम मैच से पहले ICC ने ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की है। इस बार भी कई बदलाव देखने को मिले हैं। इंग्लैंड के जो रूट शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। यशस्वी जायसवाल को इस बार रैंकिंग में बड़ा नुकसान हुआ है, जबकि ऋषभ पंत एक पायदान ऊपर चढ़े हैं। शुभमन गिल को इस बार खास फायदा नहीं मिल पाया है।
जो रूट बने टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाज
ICC ने 23 जुलाई तक की अपडेटेड टेस्ट रैंकिंग जारी की है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट 904 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं। न्यूजीलैंड के केन विलियमसन 867 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। इंग्लैंड के ही हैरी ब्रूक 834 की रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ 816 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं।
ऋषभ पंत एक पायदान ऊपर चढ़े
साउथ अफ्रीका के टेम्बा बावुमा ने हाल ही में कोई मैच नहीं खेला, फिर भी उन्हें रैंकिंग में एक स्थान का लाभ मिला है। अब वे 790 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर हैं। श्रीलंका के कामेंदु मेंडिस भी एक पायदान ऊपर चढ़े हैं और 781 रेटिंग के साथ छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के ऋषभ पंत ने भी एक स्थान की बढ़त हासिल की है और 776 रेटिंग के साथ सातवें नंबर पर आ गए हैं।
यशस्वी जायसवाल को उठाना पड़ा नुकसान
भारत के यशस्वी जायसवाल को इस बार रैंकिंग में तीन स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वे अब 769 रेटिंग के साथ सीधे आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल 754 अंकों के साथ नौवें नंबर पर बने हुए हैं। वहीं चौथे टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के बेन डकेट को पांच स्थानों की छलांग मिली है और अब वे 743 रेटिंग के साथ टॉप 10 में जगह बनाते हुए दसवें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके लिए शीर्ष 10 में प्रवेश किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।




