नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नाम एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। रोहित अब आईसीसी के चार अलग-अलग टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया है।
रोहित ने कप्तानी में रचा इतिहास
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए इस सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 264 रनों पर रोका। इसके बाद विराट कोहली (84), श्रेयस अय्यर (45) और केएल राहुल (नाबाद 42) की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने 48.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और 4 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ रोहित शर्मा चार अलग-अलग आईसीसी टूर्नामेंट्स के फाइनल में पहुंचने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली ने भारतीय टीम को कई बड़े फाइनल्स तक पहुंचाया, लेकिन चार टूर्नामेंट के फाइनल तक कोई नहीं पहुंचा था।
रोहित की कप्तानी में भारत के आईसीसी टूर्नामेंट्स के फाइनल
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 में भारत को ऑस्ट्रेलिया ने 209 रनों से हराया था, और वनडे विश्व कप 2023 फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट से हार मिली फिर T20 विश्व कप 2024 में भारत ने यह खिताब अपने नाम किया।चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल में भारत की जगह पक्की हो गई है।
धोनी-विराट से आगे निकले रोहित
महेंद्र सिंह धोनी ने भारत को तीन आईसीसी ट्रॉफी जितवाई थीं – टी20 वर्ल्ड कप 2007, वनडे वर्ल्ड कप 2011 और चैंपियंस ट्रॉफी 2013। वहीं, विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुंची थी। लेकिन अब रोहित शर्मा चार आईसीसी टूर्नामेंट्स के फाइनल तक पहुंचने वाले पहले कप्तान बन चुके हैं। टीम इंडिया के पास अब चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद अब भारतीय फैंस की नजरें चैंपियंस ट्रॉफी पर टिकी हैं। अगर टीम इंडिया फाइनल में जीत दर्ज करती है, तो रोहित शर्मा का नाम भारत के सबसे सफल कप्तानों में शुमार हो जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि भारत चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में किस टीम का सामना करेगा और क्या रोहित शर्मा इस बार ट्रॉफी उठाने में कामयाब होंगे?




