नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में बोर्ड आंतरिक स्तर पर चर्चा कर रहा है और आने वाले दिनों में इस पर आधिकारिक कदम उठाया जा सकता है।
ऐसे में एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी की मुश्किलें बढ़ सकती है। मोहसिन नकवी के खिलाफ BCCI औपचारिक शिकायत कराएगा। दरअसल, भारत-पाकिस्तान मैच के बाद नकवी एशिया कप ट्रॉफी अपने साथ ले गए थे। फाइनल में टीम इंडिया ने उनके हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि टीम इंडिया ने एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया था। उन्होंने स्पष्ट किया, “इसका मतलब यह नहीं है कि वे ट्रॉफी लेकर ही चले जाएं।”
मोहसिन नकवी के खिलाफ BCCI करेगा शिकायत
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि बोर्ड के वाइस प्रेसिडेंट और आशीष शेलार मंगलवार को एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में मोहसिन नकवी के आचरण का मुद्दा उठाएंगे। सैकिया ने पुष्टि की कि दोनों प्रतिनिधि ट्रॉफी को अवैध तरीके से ले जाने पर विरोध दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा, “मोहसिन नकवी को इस तरह ट्रॉफी रखने का कोई अधिकार नहीं है।”
उम्मीद है नकवी को सद्बुद्धि आएगी – देवजीत सैकिया
BCCI सचिव ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा, “उम्मीद है नकवी को सद्बुद्धि आएगी और वे ट्रॉफी व मेडल हमें लौटा देंगे। नवंबर के पहले सप्ताह में दुबई में होने वाली ICC कॉन्फ्रेंस में हम ACC चेयरमैन के विरुद्ध गंभीर और कड़ा विरोध दर्ज करेंगे।” माना जा रहा है कि बीसीसीआई का यह सख्त रुख मोहसिन नकवी के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सख्ती से कहा कि, यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और खेल भावना के विरुद्ध जाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एशिया कप ट्रॉफी और मेडल जल्द ही भारतीय खिलाड़ियों को सौंप दिए जाएंगे।
एशिया कप 2025 का फाइनल जीता भारत
बता दें कि, बीते रविवार एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। हालांकि, टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया और मैदान पर ही काफी देर तक बैठी रही। नकवी के चले जाने के बाद खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी ही जीत का जश्न मनाया।





