नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। विश्व कप जीतने के बाद भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने टी20 क्रिकेट को अलविदा बोल दिया था। हाल ही में BJP के सदस्यता अभियान से जुड़कर जडेजा ने सदस्यता ग्रहण की। इस बात की पुष्टी उनकी पत्नी रिवाबा जडेजा ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से की। हालांकि जडेजा पहले खिलाड़ी नहीं है जिन्होंने राजनीति में कदम रखा हो। इससे पहले भी कई खिलाड़ी राजनीति के मैदान में उतर चुके हैं।
मंसूर अली खान पटौदी
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान मंसूर अली खान पटौदी ने कई मौके पर टीम का नेतृत्व किया है। क्रिकेट की पारी को विराम देने के बाद उन्होंने 1971 में विशाल हरियाणा पार्टी के टिकट पर गुडगांव लोकसभी सीट से ताल ठोकी थी। हालांकि वे इसमें तीसरे स्थान पर रहे थे।
मोहम्मद कैफ
क्रिकेट के मैदान में अपनी फिल्डिंग से मैच पलट देने वाले मोहम्मद कैफ राजनीति में अपनी किस्मत नहीं पलट पाए। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कैफ ने राजनीति की पिच पर कदम रखा। 2014 में कांग्रेस की टिकट पर फूलपुर से चुनाव भी लड़े थे। हालांकि उनके हाथ भी हार लगी जिसके बाद उन्होंने राजनीति छोड़ दी।
मनोज तिवारी
मनोज तिवारी ने भी राजनीति में अपने हाथ आजमाए। उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी शुरु करने के लिए TMC को चुना। 2021 में ममता बनर्जी के साथ जुड़कर मनोज ने विधानसभा चुनाव लड़ा और विधायक बन गए।
साइना नेहवाल
ओलंपिक में भारत की शान बढ़ाने वाली साइना नेहवाल ने भी राजनीति में अपने हाथ आजमाने के लिए 2020 में BJP के ज्वाइन कर लिया। हालांकि उन्होंने अभी तक खेल से संन्यास नहीं लिया है।
गौतम गंभीर
पूर्व विश्व कप चैंपियन गौतम गंभीर ने भी राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने 2019 में बीजेपी के टिकट पर पूर्वी दिल्ली लोकसभा से चुनाव लड़ा था जिसमें उनको जीत मिली थी। हालांकि भारतीय टीम के कोच बनने के बाद वे अब राजनीति से दूर हैं।




