नई दिल्ली, रफ्तार। राष्ट्रपति भवन में आज राष्ट्रीय खेल पुरस्कार दिए गए। 26 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार और 5 कोच को द्रोणाचार्य अवॉर्ड मिला। तीन लोग लाइफटाइम सम्मान से सम्मानित किए गए। सबसे पहले कोच को द्रोणाचार्य, फिर लाइफ टाइम और बाद में खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड दिया गया। क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। बैंडमिंटन प्लेयर्स सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी को संयुक्त रूप से मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार मिला।
शमी ने वर्ल्ड कप में लिए सबसे ज्यादा विकेट
अर्जुन अवॉर्ड विनरों में 33 साल के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने वनडे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था। टूर्नामेंट के शुरुआती 4 मैच नहीं खेलने के बाद भी शमी ने 24 विकेट लिए। पूरे टूर्नामेंट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे।
इन कोचों को लाइफ टाइम अवॉर्ड
गोल्फ कोच जसकीरत सिंह ग्रेवाल, भास्करन ई (कबड्डी, कोच), जयन्त कुमार पुसीलाल (टेबल टेनिस, कोच) को लाइफ टाइम अवॉर्ड दिया गया।
5 कोच को द्रोणाचार्य अवॉर्ड
गणेश प्रभाकरन (मल्लखंभ), महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज), शिवेंद्र सिंह (हॉकी) को कोचिंग का सबसे बड़ा सम्मान द्रोणाचार्य अवॉर्ड मिला।
सात्विक और चिराग ने 3 BWF टाइटल जीते
चिराग और सात्विक के लिए साल 2023 यादगार रहा। इन्होंने एशियन गेम्स में गोल्ड जीता (एशियन गेम्स के बैडमिंटन इवेंट में भारत का पहला गोल्ड) और एशियन चैंपियनशिप का खिताब जीता है। इस जोड़ी ने इंडोनेशिया सुपर 1000, कोरिया सुपर 500 और स्विस सुपर 300 के खिताब अपने नाम किए। सात्विक-चिराग वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडल विजेता हैं। साल 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड जीते थे।
मौलाना अब्दुल कलाम आजाद ट्रॉफी 2023
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर (विजेता), लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब (फर्स्ट रनर-अप) और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र (सेकेंड रनर-अप) देश की टॉप-3 स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी रही। अमृतसर की यूनिवर्सिटी को मौलाना अब्दुल कलाम आजाद ट्रॉफी मिली। खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




