जोधपुर, एजेंसी। राइकाबाग जंक्शन से पीपाड़ रोड जंक्शन रेलवे स्टेशनों के बीच 120 की स्पीड से ट्रेन दौड़ी। आज स्पीड ट्रायल का सफल ट्रायल रन हुआ। वेस्टर्न सर्किल के रेलवे संरक्षा आयुक्त आर के शर्मा ने उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर राइकाबाग जंक्शन से पीपाड़ रोड जंक्शन रेलवे स्टेशनों के बीच दोहरीकृत रेल लाइन पर 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से सफल स्पीड ट्रायल लिया। उनके द्वारा फिट मिलते ही इस पर ट्रेनों का संचालन प्रारंभ हो जाएगा।
फिट मिलते ही इस पर ट्रेनों का संचालन प्रारंभ
डीआरएम गीतिका पांडेय ने बताया कि रेलवे संरक्षा आयुक्त शर्मा ने मंडल के पीपाड़ रोड से राइकाबाग जंक्शन रेलवे स्टेशनों के बीच 44 किलोमीटर रेल मार्ग पर कराए गए दोहरीकरण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद गुरुवार सुबह मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीआरएस स्पेशल ट्रेन से 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सफल रन ट्रायल लिया।
स्पीड 120 किलोमीटर प्रतिघंटा आंकी
उन्होंने बताया कि सीआरएस स्पेशल ट्रेन राइकाबाग जंक्शन रेलवे स्टेशन से सुबह 11.14 बजे रवाना हुई तथा 11.44 बजे पीपाड़ रोड रेलवे स्टेशन पहुंची जिसकी स्पीड 120 किलोमीटर प्रतिघंटा आंकी गई। स्पीड ट्रायल के सफल होने से अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके साथ ही जोधपुर मंडल पर फुलेरा से राइकाबाग रेल मार्ग पर अब कुचामन सिटी से राइकाबाग तक 204 किलोमीटर रुट खंड पर रेल दोहरीकरण का कार्य पूरा करवा किया गया है। संरक्षा आयुक्त ने इससे दो दिन पहले ही निरीक्षण कार्यक्रम के तहत पीपाड़ रोड जंक्शन से बनाड़ स्टेशनों के बीच ट्रॉली निरीक्षण किया था।




