रायपुर, 30 मार्च (हि.स.)। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि कोरोना संक्रमण के कहर का असर प्रदेश सहित पूरे देश के व्यापार पर पड़ा है। केंद्र सरकार और विभिन्न राज्य सरकारों के कोविड दिशा निर्देशों के कारण होली त्योहार पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। सख्ती से लागू होने के कारण देश भर के राज्यों को होली और रंग पंचमी पर लगभग 35 हजार करोड़ रुपये के व्यापार का बड़ा नुकसान सहना पड़ा है। इस बार होली पर चीन को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के व्यापार का नुकसान जरूर सहना पड़ा है। कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवनी ने कहा कि विभिन्न राज्यों के प्रमुख व्यापारी नेताओं से आज हुई बातचीत के आधार पर यह कहा जा सकता है कि होली और रंग पंचमी के पर्व पर देशभर में पिछले कुछ वर्षों में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये का व्यापार होता है। जबकि इस साल कोविड के कारण देशभर के व्यापारियों को होली और रंग पंचमी के त्योहार पर लगभग 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के व्यापार का नुकसान हुआ है। दूसरी ओर हजारों करोड़ों रुपये के होली के सामान का स्टॉक बिना बिके अपने पास रखना पड़ रहा है। होली और रंग पंचमी का त्योहार मूल रूप से उत्तर भारतीय राज्यों, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखण्ड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल तथा उत्तर पूर्वी राज्यों में धूमधाम से मनाया जाता है। दक्षिण भारत में उगादी और रंग पंचमी के रूप में इस त्योहार को बेहद उल्लास के साथ मनाया जाता है। अमर पारवानी ने कहा कि होली और रंग पंचमी पर विशेष तौर पर रंग, अबीर, गुलाल, गुब्बारे, प्लास्टिक के होली के खिलौने, पीतल और स्टेनलेस स्टील की पिचकारी, मिठाइयां, टेसू के फूल, अन्य अनेक प्रकार के फूल, फल, ड्राई फ्रूट, होली के लिए विशेष रूप से बने सस्ते कुर्ते पाजामे, टी शर्ट, होली की साड़ियां, अन्य खाने पीने के सामान, धूपबत्ती और अगरबत्ती आदि का बड़ी मात्रा में व्यापार होता है। दूसरी ओर देश भर के विभिन्न राज्यों में लगभग डेढ लाख से अधिक होलिका बनाने के लिए कच्ची लकड़ी, कपूर, नारियल गोबर के उपले, कलावा, सूत आदि भी बड़ी मात्रा में ख़रीदा जाता है। जो कोरोना के परिपालन में सभी के व्यापार पर असर पड़ा है। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रनारायण शुक्ल




