रायगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। अब तक जंगलों में इलेक्ट्रिक फेसिंग से कई जंगली जानवरों के साथ साथ इंसानों की भी मौत हो चुकी है। परंतु सोमवार रात गोमर्डा अभ्यारण में एक साथ दो सांभरो की मौत हो गई। बताया जाता है कि दोनों में लड़ाई छिड़ी थी और इसी दौरान उनके सिंग कांटा तार में उलझ गए। इस संबंध में वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गोमर्डा अभ्यारण के बोरीदा नाला के पास दो वयस्क सांभर के बीच लड़ाई छिड़ी थी। इसी दौरान वहां वन भूमि पर कब्जा कर कांटा फेंसिंग करने वाले सारंगढ़ के ग्राम रापा गुला निवासी पुनीराम सिदार पिता सावरा लाल सिदार के कांटा फेसिंग में उनके सिंग उलझ गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। इस मामले में कांटा फेसिंग करने वाले ग्रामीण के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम 1972 के तहत जुर्म पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है और वन विभाग के डॉक्टरों की टीम दोनों मृत सांभर की पोस्टमार्टम कर दफना दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/रघुवीर प्रधान




