नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं। चुनाव के बीच में किसानों का मुद्दा भी चर्चा में है। जिसके कारण केंद्र सरकार ने किसानों से कई मुद्दों पर बातचीत करनी शुरू कर दी है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यानी 23 सितंबर 2024 को किसानों के कई संगठनों के प्रतिनिधियों से मिलकर उनसे बातचीत की। उन्होंने कहा कि हम तब तक बात करेंगे जब तक सभी समस्याओं का हल नहीं हो जाता।
MSP को मजबूत करने का सुझाव दिया गया है
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि हमें किसानों से MSP (Minimum support price) को मजबूत करने के सुझाव मिले हैं, जिन पर हम विचार करेंगे। उन्होंने वादा किया कि हर मंगलवार को किसानों के साथ बैठक की जाएगी और पूरे देश के किसानों से चर्चा की जाएगी।
इस बैठक में किसानों ने फसल बीमा योजना और MSP जैसे मुद्दों को उठाया। चौहान ने कहा कि किसानों की सेवा करना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
सरकार किसानों को शांत करने की कोशिश में लगी है
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब कई किसान शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं और दिल्ली जाने की मांग कर रहे हैं। सरकार की यह कोशिश किसानों को शांत करने की है, खासकर हरियाणा चुनावों से पहले, क्योंकि वहां किसान वर्ग में BJP के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
हालांकि, इस मीटिंग में शंभू बॉर्डर पर डटे किसानों का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं था। बैठक में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कुछ राज्यों के प्रतिनिधि थे। किसान नेताओं का कहना है कि उन्होंने MSP और पीएम किसान सम्मान निधि जैसे मुद्दों पर सरकार से विचार करने का आश्वासन लिया है।
BJP से क्यों नाराज हैं किसान?
राजनीतिक गलियारों में BJP की कमजोर स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। BJP को बड़े नुकसान की आशंका के पीछे किसानों की मोदी सरकार से नाराजगी को सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है। कृषि कानूनों के खिलाफ देश भर में बड़ा आंदोलन हुआ था और कई दिनों तक किसान दिल्ली में धरने पर बैठे रहे।
हालांकि, मोदी सरकार ने किसानों के गुस्से को देखते हुए उन कानूनों को वापस ले लिया, लेकिन किसानों का गुस्सा शांत करने में वह सफल नहीं हो पाई। इसी वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में बीजेपी का वोट शेयर 2019 में 39.5% से घटकर अब 35% हो गया है। इसके अलावा, किसानों के विरोध के चलते बीजेपी को करीब 40 सीटों का नुकसान होने का अनुमान भी लगाया जा रहा है।





