नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कमला हैरिस ने 23 अगस्त को डेमोक्रैटिक नैशनल कन्वेंशन स्पीच में कहा कि अगर वो अमेरिका की राष्ट्रपति बनती हैं तो वो आगे बढ़ने का एक नया रास्ता अपनाएंगी। इसके साथ ही हैरिस ने कहा कि वो मिडिल क्लास के लिए टैक्स कटौती से जुड़े कानून लेकर आएंगी। बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप आमने-सामने होंगे। अगर Kamala Harris President चुनी जाती हैं तो वो अमेरिका के इतिहास की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी।
Kamala Harris के भाषण की मुख्य बातें
कमला हैरिस ने अपने भाषण की शुरुआत राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर डेमोक्रैटिक पार्टी का नामांकन स्वीकार करने के साथ की। इसके बाद उन्होंने अपनी मां के संघर्षों पर बात की जो कि 19 की उम्र में भारत से अमेरिका गई थीं।
कमला ने कहा, ‘मैं वादा करती हूं कि मैं हर अमेरिकी की राष्ट्रपति बनूंगी। मैं हमेशा देश को पार्टी और खुद से ऊपर रखूंगी, इसे लेकर आप मुझ पर भरोसा कर सकते हैं।’
कमला ने ये भी कहा कि डोनाल्ड ट्रंप गंभीर नहीं हैं और उन्हें व्हाइट हाउस में दोबारा भेजने के परिणाम गंभीर होंगे। इसके अलावा कमला ने वादा किया कि वो एक ऐसी अर्थ व्यवस्था का निर्माण करेंगी जहां हर किसी को कॉम्पिटीशन का मौका मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका में घरों की कमी को खत्म करने का वादा भी किया।
जो बाइडेन बोले- कमला एक ऐतिहासिक राष्ट्रपति बनेंगी
डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन में राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी कमला हैरिस का समर्थन किया। 19 अगस्त को बाइडेन ने कहा कि हैरिस “एक ऐतिहासिक राष्ट्रपति” होंगी। बाइडेन ने कमला हैरिस को लोकतंत्र को बचाने के लिए सबसे अच्छी व्यक्ति बताया और अमेरिकियों से उन्हें वोट देने की अपील की। बाइडेन ने कहा, “हमें चाहिए कि आप डोनाल्ड ट्रंप को हराएं और कमला और टिम को राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनें।”
कमला हैरिस की वकालत
बाइडेन ने कहा कि उन्होंने और हैरिस ने पिछले चार वर्षों में देश में काफी प्रगति की है और आगे भी साथ मिलकर एक बेहतर अमेरिका का निर्माण करेंगे। उन्होंने ट्रंप पर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रंप ने बुनियादी ढांचे के विकास का वादा किया था, लेकिन कुछ भी नहीं किया।
बाइडेन की भावुक अपील
अपने भाषण में, बाइडेन ने कहा, “मैंने अपने करियर में कई गलतियां की हैं, लेकिन मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। मैं आपसे पूछता हूं: क्या आप कमला हैरिस और टिम वाल्ट्ज को राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के रूप में चुनने के लिए तैयार हैं?”
बाइडेन का यह भाषण भावुक था और उन्होंने अमेरिकियों से लोकतंत्र और स्वतंत्रता के लिए वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा, “आज का अमेरिका, ट्रंप के कार्यकाल की तुलना में अधिक सुरक्षित और समृद्ध है।” उन्होंने ट्रंप पर देश के इतिहास में सबसे मजबूत सीमा सुरक्षा विधेयक को खत्म करने का आरोप लगाया।





