नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानि बुधवार को राजस्थान दौरे पर हैं। नाथद्वार में PM मोदी ने 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 4 राष्ट्रीय राजमार्ग और 3 रेल परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। पीएम मोदी के साथ मंच पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद रहे।
गुजरात से आगे निकला राजस्थान: CM गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नाथद्वारा में संबोधित करते हुए कहा, “मैं पीएम मोदी का स्वागत करता हूं। मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री आज राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे परियोजनाओं को समर्पित करेंगे”। उन्होनें आगे कहा- “पहले हम गुजरात से मुकाबला करते थे और महसूस करते थे कि हम पिछड़ रहे हैं लेकिन अब हम आगे बढ़ गए हैं”।
राजस्थान के विकास से होगा देश का विकास: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा- “भारत सरकार राज्य के विकास से देश के विकास के मंत्र पर विश्वास करती है। राजस्थान देश के सबसे बड़े राज्यों में से एक है। राजस्थान जितना विकसित होगा, भारत के विकास को भी उतनी ही गति मिलेगी”
PM मोदी का विपक्ष पर हमला
पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “हमारे देश में कुछ लोग ऐसी विचारधारा के शिकार हो चुके हैं, इतनी नकारात्मकता से भरे हुए हैं, देश में कुछ भी अच्छा होते वे देखना ही नहीं चाहते। उन्हें विवाद खड़ा करना ही अच्छा लगता है”।




