नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । किसी भी आर्थिक लक्ष्य को पूरा करने के लिए एक निश्चित और पर्याप्त रकम की आवश्यकता होती है। चाहे घर खरीदना हो या कार लेना, ऐसे बड़े लक्ष्यों को केवल सैलरी के भरोसे पूरा कर पाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में कई लोग म्यूचुअल फंड में SIP के ज़रिए निवेश करना पसंद करते हैं ताकि भविष्य में अपने सपनों को साकार कर सकें।
जबकि कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो जोखिम से बचना चाहते हैं लेकिन साथ ही अच्छी कमाई भी करना चाहते हैं। ऐसे निवेशकों के लिए सरकारी बचत योजनाएं एक भरोसेमंद विकल्प बन सकती हैं। आज हम आपको पोस्ट ऑफिस की एक ऐसी ही स्कीम के बारे में जानकारी दे रहे हैं, जो ‘पोस्ट ऑफिस स्मॉल सेविंग्स स्कीम’ के अंतर्गत आती है और जिसे आप अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस में आसानी से खुलवा सकते हैं। यह योजना खास इसलिए है क्योंकि इसमें निवेश करने पर आपको सिर्फ ब्याज के रूप में ही मोटी रकम मिल सकती है। अगर आप इस स्कीम में पांच साल के लिए निवेश करते हैं, तो आपको केवल ब्याज के ज़रिए 82,000 रुपये से अधिक की कमाई हो सकती है।
पोस्ट ऑफिस की ये स्कीम है वाकई शानदार
जिस योजना की हम बात कर रहे हैं, उसे सीनियर सिटिजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) के नाम से जाना जाता है। यह एक सरकार समर्थित बचत योजना है, जिसे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए तैयार किया गया है। इस स्कीम के जरिए आप एकमुश्त राशि निवेश कर नियमित और सुरक्षित आय प्राप्त कर सकते हैं। आप चाहें तो इसे अपने पिताजी या दादाजी को उपहार स्वरूप भी दे सकते हैं।
इस योजना में खाता केवल उन्हीं लोगों के नाम से खोला जा सकता है जिनकी उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक है। इसमें न्यूनतम निवेश राशि 1000 रुपये है, जबकि अधिकतम निवेश की सीमा 30 लाख रुपये तय की गई है। इस योजना का मैच्योरिटी पीरियड 5 साल का होता है, जिसे आप चाहे तो आगे 3 साल के लिए बढ़ा सकते हैं। ब्याज दर की बात करें तो वर्तमान में इस योजना पर 8.2% सालाना ब्याज मिलता है। ब्याज दर हर तिमाही सरकार द्वारा तय की जाती है और इसका भुगतान वार्षिक आधार पर किया जाता है।
अकाउंट कौन खोल सकता है?
भारत का कोई भी वरिष्ठ नागरिक इस योजना के तहत खाता खोल सकता है। यह खाता सिंगल (एकल) और ज्वाइंट (संयुक्त) दोनों रूपों में खोला जा सकता है। इसके अलावा, 55 वर्ष से अधिक लेकिन 60 वर्ष से कम आयु वाले ऐसे सेवानिवृत्त कर्मचारी जो वेतनभोगी क्षेत्र से रिटायर हुए हों, वे भी इस योजना में निवेश कर सकते हैं, बशर्ते सेवानिवृत्ति लाभ प्राप्त होने के एक महीने के भीतर निवेश किया गया हो। इसी तरह, 50 वर्ष से अधिक लेकिन 60 वर्ष से कम आयु के सेवानिवृत्त रक्षा कर्मचारी भी इसी शर्त के अंतर्गत इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
समय से पहले खाता बंद करने पर क्या होगा?
सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम के तहत धारा 80C के अंतर्गत 1.5 लाख रुपये तक के वार्षिक निवेश पर टैक्स छूट का लाभ मिलता है। लेकिन अगर आप खाता मैच्योरिटी से पहले बंद करते हैं, तो क्या होगा, आइये जानते हैं :-
– खाता खोलने की तारीख के बाद किसी भी समय इसे समयपूर्व बंद किया जा सकता है।
– अगर खाता 1 साल से पहले बंद किया जाता है, तो किसी भी प्रकार का ब्याज नहीं मिलेगा। यदि पहले ब्याज दिया गया है, तो वह राशि मूलधन से काट ली जाएगी।
– यदि खाता 1 वर्ष के बाद लेकिन 2 वर्ष से पहले बंद होता है, तो मूलधन में से 1.5% की कटौती की जाएगी।
– अगर खाता 2 वर्ष पूरे होने के बाद लेकिन 5 वर्ष से पहले बंद किया जाता है, तो 1% की कटौती मूलधन से की जाएगी।
– अगर आपने खाता 5 साल के बाद बढ़ाया है, तो उस विस्तारित खाते को एक वर्ष पूर्ण होने के बाद बिना किसी पेनल्टी के बंद किया जा सकता है।
ब्याज से होगी 82,000 रुपये की कमाई
यदि कोई व्यक्ति इस योजना में एकमुश्त 20 हजार रुपये का निवेश करता है, तो 5 साल की मैच्योरिटी अवधि पूरी होने पर उसे 8.2% सालाना ब्याज दर के आधार पर एक अच्छी-खासी रकम प्राप्त होगी। अनुमानित गणना के अनुसार, सिर्फ ब्याज के रूप में करीब 82,000 रुपये की कमाई होगी और मैच्योरिटी पर कुल रकम 2,82,000 रुपये तक पहुंच जाएगी। तिमाही आधार पर मिलने वाला ब्याज लगभग 4,099 रुपये होगा, जो सीधे निवेशक के खाते में आता है।





