नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। यूपी के झांसी में करीब 22 साल पहले एक महिला अपने पति को छोड़कर अपने प्रेमी संग भाग गई। उस वक्त महिला का पति आर्थिक तंगी का शिकार था। महिला उस वक्त अपने बच्चों को भी लेकर चली गई थी, लेकिन अब महिला दोबारा अपने पति के पास वापस आ गई है, क्योंकि पति की पुश्तैनी जमीन बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण में चली गई। जिसके बदले उसे 28 लाख रुपये मिले हैं। पति के पास पैसे आते ही पत्नी की नीयत बदल गई।
बुजुर्ग से पैसे छीनकर भाग गई पत्नी
दरअसल सालों तक अपने पति को छोड़कर दूसरे के साथ रहने वाली पत्नी को जब ये पता चला कि उसके पति के खाते में 28 लाख रुपये आ गए हैं तो पत्नी को उसकी याद आ गई। वो उसके पास दौड़ी चली आई और उसे अपने साथ लेकर जाने लगी,लेकिन पति उसके साथ नहीं जाना चाहता था। ऐसे में पत्नी और बच्चे मिलकर बुजुर्ग के डेढ़ लाख रुपये छीनकर भाग गए। जिसकी पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
सारमऊ गांव का है मामला
पूरा मामला झांसी मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम सारमऊ का है। जहां 60 साल के अनिल अपने तीन भाई और उनके बेटों के संग रहते हैं। अनिल ने बताया कि 22 साल पहले उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। तब वो ट्रक चलाते थे। उनके पास डेढ़ एकड़ जमीन जरूर थी पर आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी।
पीड़ित पति ने बताई आपबीती
अनिल ने बताया कि पत्नी का किसी से चक्कर था। जिसकी वजह से घर में रोज झगड़ा होता था। पुलिस ने मारपीट के आरोप में उन्हें जेल भेज दिया था। इधर पत्नी किसी के साथ रहने लगी थी। अनिल ने बताया कि मैं लंबे समय से अकेला रह रहा हूं। पत्नी के चले जाने के बाद मैं गांव के मंदिर में पुजारी बन गया हूं। तब से पत्नी का कोई पता नहीं था। अब सरकार ने जमीन ले ली तो मुआवजे के रूप में मेरे खाते में 28 लाख रुपये आ गए। जिसके बाद मेरे पत्नी और बच्चे भी वापस आ गए और मुझे वापस ले जाने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर डेढ़ लाख रुपये छीनकर फरार हो गए।
फिलहाल अनिल ने इसकी शिकायत रक्सा थाने की पुलिस से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। जिसमें उन्होंने कहा कि जिस पत्नी ने सालों से उसे देखा नहीं। वो बच्चों के साथ मिलकर मेरे पैसे छीन ली।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





