नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आज पूरा देश वर्ष 2001 में संसद पर हुए हमले की 23वीं बरसी पर उन सभी शहीदों को नमन कर रहा है जिन्होंने अपने प्राणों को न्योछावर करके आतंकवादियों के नापाक इरादों को नाकाम कर दिया था। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत सभी पार्टियों के सांसदों ने संसद भवन में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसी बीच संसद पर हुए हमले की 23वीं बरसी पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी पर निशाना साधा जा रहा है। आम आदमी पार्टी से बगावत कर चुकी राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल और दिल्ली BJP के उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा ने दिल्ली की सीएम आतिशी पर जोरदार हमला करते हुए कहा है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के माता-पिता ने वर्ष 2001 में संसद हमले के दोषी अफजल गुरु को बचाने के लिए भरपूर प्रयास किया था।
“यह हमला संसद पर ही नहीं था बल्कि भारत के लोकतंत्र पर था”
आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद कहा कि देश शहीदों के बलिदान को कभी भी नहीं भूलेगा। इसके बाद उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के माता-पिता ने संसद में हुए आतंकी हमले के साजिशकर्ता अफजल गुरु को बचाने के लिए माफी याचिकाएं डाली थी, उन्होंने राष्ट्रपति को अफजल गुरु की फांसी की सजा माफ करने के लिए पत्र लिखे थे, उन्होंने न्यायालय में इसके लिए एक लंबी लड़ाई भी लड़ी थी। आज उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए और खुलकर कहना चाहिए कि अफजल गुरु एक आतंकी था। यह हमला सिर्फ संसद भवन पर ही नहीं था बल्कि भारत के लोकतंत्र पर था।
दिल्ली BJP के उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा ने एक्स पर लिखा
दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा ने दिल्ली की सीएम आतिशी पर निशाना साधते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “आज के दिन संसद भवन पर आतंकवादियों ने हमला किया था। हमलें का मास्टर माइंड था अफ़ज़ल गुरु। उस हत्यारें आतंकी अफ़ज़ल गुरु को बचाने के लिए आतिशी मार्लेना के माता पिता ने अभियान चलाया था, अफ़ज़ल को फाँसी होने पर फूट फूट कर रोये थे। दिल्ली भूलेगी नहीं”





