नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । सांसदों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सऊदी अरब की यात्रा पर गए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक बार फिर पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है। इस बार रियाद में ओवैसी ने मांग की है कि पाकिस्तान को एक बार फिर FATF की ग्रे लिस्ट में डाला जाए। उन्होंने कहा, “केवल इस कदम से ही हम आतंकियों को मिलने वाली फंडिंग को रोक सकते हैं। पाकिस्तान में आतंकी खुलेआम घूम रहे हैं। अमेरिका द्वारा घोषित एक आतंकी पाकिस्तानी फील्ड मार्शल के साथ बैठा हुआ दिखाई देता है। पाकिस्तान के आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के और क्या सबूत चाहिए?”
सऊदी अरब के रियाद में बोलते हुए AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “पाकिस्तान को फिर से FATF की ग्रे लिस्ट में लाया जाना चाहिए। केवल इसके जरिए ही हम इन सभी आतंकी संगठनों को मिलने वाली फंडिंग को नियंत्रित कर सकते हैं।”
क्या बोले असदुद्दीन ओवैसी ?
असदुद्दीन ओवैसी ने आगे कहा, “जब इस व्यक्ति (असीम मुनीर) को पाकिस्तान में फील्ड मार्शल बनाया गया था, तब मोहम्मद एहसान को, जिसे अमेरिका द्वारा आतंकवादी घोषित किया गया था, फील्ड मार्शल के बगल में बैठा हुआ देखा गया था। इस फील्ड मार्शल से हाथ मिलाते हुए उसकी तस्वीरें हैं। यह पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता का स्पष्ट सबूत है। ये आतंकवादी समूह वहां पनप रहे हैं। उन्हें वहां प्रशिक्षित किया जा रहा है। उनका एकमात्र काम भारत में और अधिक हिंदू-मुस्लिम दंगे कराना और भारत को अस्थिर करना है।”
पाकिस्तान का झूठा प्रचार
इस समय असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान के झूठे प्रचार की भी आलोचना की। ओवैसी ने पाकिस्तान द्वारा खुद को मुस्लिम देशों का रक्षक कहने और भारत के खिलाफ नफरत फैलाने की कोशिश करने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा “भारत में करीब 24 करोड़ मुसलमान रहते हैं और वे स्वाभिमानी भारतीय हैं। चूंकि भारत मुस्लिम देश नहीं है, इसलिए वह वहां के मुसलमानों को नुकसान पहुंचा रहा है, इसलिए पाकिस्तान इस तरह का झूठा प्रचार कर रहा है।”
‘…तो दक्षिण एशिया में स्थिरता आ सकती है’
अपने भाषण के अंत में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “अगर पाकिस्तान इन आतंकी संगठनों को शह देना बंद कर दे, तो दक्षिण एशिया में स्थिरता आ सकती है। इससे पूरे क्षेत्र में प्रगति और विकास को बढ़ावा मिलेगा। लेकिन दुर्भाग्य से पाकिस्तान अभी भी आतंकवाद की राह पर चल रहा है और भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है।”




