नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश की कानूनी व्यवस्था को आसान और नागरिकों के अनुकूल बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जन विश्वास प्रावधानों में संशोधन बिल 2026 को लोकसभा में पेश कर दिया गया है। इस विधेयक को केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने सदन में रखा। यह बिल छोटे-छोटे नियम उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने और सजा के तौर पर जेल की जगह जुर्माना या चेतावनी देने का प्रावधान करता है।
क्या है जन विश्वास बिल?
जन विश्वास बिल का उद्देश्य उन मामलों में आपराधिक सजा को खत्म करना है, जहां गलती गंभीर नहीं होती। इसमें 78 अलग-अलग कानूनों के सैकड़ों प्रावधानों में बदलाव का प्रस्ताव है। सरकार का मानना है कि हर छोटी तकनीकी गलती को अपराध मानना उचित नहीं है।
इंस्पेक्टर राज पर लगाम
इस बिल का एक अहम लक्ष्य इंस्पेक्टर राज को खत्म करना है। लंबे समय से यह आरोप लगते रहे हैं कि छोटे उल्लंघनों के नाम पर अधिकारियों को अत्यधिक अधिकार मिल जाते हैं, जिससे भ्रष्टाचार और उत्पीड़न बढ़ता है। नए प्रावधानों से अधिकारियों की मनमानी कम होगी व्यापार करने में आसानी बढ़ेगी आम नागरिकों का डर घटेगा
संसद में क्या हुआ?
बिल पेश होने के दौरान ओम बिरला ने कहा कि यह एक अच्छा विधेयक है और इस पर चर्चा से और बेहतर सुझाव सामने आएंगे। हालांकि, विपक्ष के कुछ सदस्यों ने इसे जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JPC) को भेजने की मांग की। इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर पहले ही व्यापक चर्चा हो चुकी है और दोबारा कमेटी में भेजने का कोई प्रावधान नहीं है। सरकार का कहना है कि यह बिल डर नहीं, भरोसे के सिद्धांत पर आधारित है। इसके जरिए कानून को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा छोटे मामलों में जेल की सजा खत्म होगी न्याय व्यवस्था पर बोझ कम होगा।
आम लोगों को क्या फायदा?
इस बिल के लागू होने से छोटी गलती पर जेल नहीं जाना पड़ेगा कानूनी प्रक्रिया आसान होगी व्यापारियों को राहत मिलेगी भ्रष्टाचार में कमी आ सकती है अब इस बिल पर संसद में विस्तृत चर्चा होगी। बहस और संभावित संशोधनों के बाद इसे पारित किया जा सकता है। जन विश्वास बिल 2026 को भारत की कानूनी व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। यह न केवल छोटे मामलों में सजा को कम करेगा, बल्कि शासन प्रणाली को अधिक भरोसेमंद और नागरिक-अनुकूल बनाने में भी मददगार साबित हो सकता है।




