नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । देश के कई हिस्सों में मौसम में एक बार फिर बदलाव होने जा रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि दिल्ली और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। अनुमान है कि दिल्ली में 31 जनवरी की सुबह मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन ढलते-ढलते बादल गरज सकते हैं और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की आशंका है। बताया जा रहा है कि बारिश और तेज हवाओं का यह सिलसिला 31 जनवरी की रात से लेकर 1 फरवरी तक जारी रह सकता है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर फिर से बढ़ सकता है।
दिल्ली से पटना-भोपाल तक आज कितना गिरेगा पारा?
देश के कई बड़े शहरों में आज न्यूनतम तापमान में ठंड का असर साफ देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में आज पारा 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, पटना में 14 डिग्री, जयपुर में 12 डिग्री और भोपाल में 10 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच मौसम विभाग ने भोपाल के लिए बारिश का पूर्वानुमान भी जारी किया है। IMD के अनुसार शनिवार और रविवार को शहर में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चलने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव से मध्य भारत में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
लगातार सक्रिय हो रहे दो पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) देश के मौसम पर असर डालने वाले हैं। मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत और उससे सटे मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, उत्तर-पश्चिम और आसपास के केंद्रीय हिस्सों में 31 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट आ सकती है।
ठंड बढ़ेगी या राहत मिलेगी?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि इसके बाद आने वाले तीन दिनों में पारा धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। इसके बाद दो दिनों के भीतर तापमान में फिर से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है।
मध्य भारत की बात करें तो यहां अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।




