नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। वक्फ बोर्ड संशोधन बिल पर केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वक्फ बोर्ड बहाना है, जमीन बेचना निशाना है।
भाजपा क्यों नहीं खुलकर लिख देती, भाजपाई-हित में जारी
सोशल मीडिया पेलेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव ने लिखा, “वक्फ बोर्ड का ये सब संशोधन भी बस एक बहाना है, रक्षा, रेल, नज़ूल लैंड की तरह ज़मीन बेचना निशाना है।” उन्होंने लिखा, “वक्फ बोर्ड की ज़मीनें, डिफ़ेंस लैंड, रेल लैंड, नज़ूल लैंड के बाद ‘भाजपाइयों के लाभार्थ योजना’ की शृंखला की एक और कड़ी मात्र है। भाजपा क्यों नहीं खुलकर लिख देती : ‘भाजपाई-हित में जारी।
अखिलेश ने मांग की है कि इस बात की लिखकर गारंटी दी जाए कि वक्फ बोर्ड की ज़मीनें बेची नहीं जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा रियल स्टेट कंपनी की तरह काम कर रही है। उसे अपने नाम में ‘जनता’ के स्थान पर ‘ज़मीन’ लिखकर नया नामकरण कर देना चाहिए : भारतीय ज़मीन पार्टी।
दरअसल केंद्र सरकार लोकसभा में वक्फ बोर्ड में बदलाव करने के लिए संशोधन बिल पेश करेगी। केंद्र सरकार के अनुसार यह बिल संपत्तियों की देखरेख के लिए लाया जा रहा है। विपक्षी पार्टियां इसका विरोध कर रही हैं।
यह मु्द्दा बहुत गंभीर है : मोहम्मद बशीर
कांग्रेस के सांसद के सुरेश ने कहा है कि लगता है कि विपक्ष इस बिल के फेवर में नहीं है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग मोहम्मद बशीर ने कहा है कि यह मुद्दा बहुत ही गंभीर है। सरकार वक्फ बोर्ड के अधिकारों पर कब्जा जमाना चाहती है।
ओवैसी ने इस संबंध में जारी किया नोटिस
AIMIM सांसद असाउद्दीन ओवैसी ने वक्फ एक्ट में किए जा रहे संशोधन का विरोध करने के लिए नोटिस दिया है।
इस कानून को लेकर जिस तरह मोदी सरकार का विरोध किया जा रहा है, इसको लेकर संसद के दोनों सदनों , लोकसभा और राज्य सभा में हंगामा होना तय है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरण रिजिजू यह बिल पेश कर सकते हैं।




