नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप व हत्या को लेकर आज छात्रों के द्वारा निकाले जा रहे नबन्ना प्रोटेस्ट हिंसक हो गया है। प्रदर्शनकारी छात्रों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले छोड़े। कोलकाता की सड़कों पर आज पत्थर और धुंआ ही दिखाई दे रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए कोलकाता में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने हावड़ा ब्रिज को सील कर दिया है। वहीं पुलिस ने 4 छात्रों को हिरासत में लिया है।
ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर कर रहे प्रदर्शन
गौरतलब है कि आरजी कर अस्पताल रेप व हत्या के मामले को लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करते हुए बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने पहले ही नबन्ना अभियान प्रदर्शन का ऐलान किया था। जिसे रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस चप्पे-चप्पे पर निगरानी रख रही है।
क्या है इस समय की स्थिति ?
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में छात्रों का प्रोटेस्ट हिंसक हो गया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर रही है। वहीं पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। वहीं कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की है।
TMC सांसद सयानी घोष ने प्रदर्शन को बताया गुंडागर्दी
छात्रों के इस प्रदर्शन को तृणमूल कांग्रेस की सांसद सयानी घोष ने गुंडागर्दी करार दिया है। उन्होंने कहा कि ये बिल्कुल गुंडों जैसा है। इस प्रदर्शन में मुश्किल से कोी महिला नजर आ रही है। इस प्रदर्शन में 4-5 जगहों पर ही तिरंगा दिखाई दिया। TMC सांसद सयानी घोष ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन पिकनिक जैसा है। जिसमें प्रदर्शनकारी पानी की बौछार के नीचे ठंडा-ठंडा स्नान कर रहे हैं।
छात्रों ने पुलिस पर की पत्थरबाजी
बता दें कि, छात्रों के इस नबन्ना प्रोटेस्ट को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाई थी। जिसे छात्रों ने तोड़ दिया। वहीं प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान छात्रों ने पुलिस पर पत्थरबाजी भी की।





