नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश की एक महिला पुलिस अधिकारी ऋषिका सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कांवड़ यात्रा के दौरान एक महिला श्रद्धालु के पैर दबाते हुए नजर आ रही हैं। वर्दी में ड्यूटी कर रहीं ऋषिका सिंह की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है। इस वीडियो पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने महिला अधिकारी के इस कार्य को “सेवा भाव” की मिसाल बताते हुए सराहना की।
अखिलेश यादव ने महिला पुलिस अधिकारी की तारीफ की
अखिलेश यादव ने महिला पुलिस अधिकारी ऋषिका सिंह की सराहना की है। इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “सेवा का भाव अच्छा है, अगर उसके पीछे का भाव अच्छा है।” ऋषिका सिंह वर्तमान में मुजफ्फरनगर में सर्किल ऑफिसर (CO) के पद पर तैनात हैं और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की मदद के लिए मैदान में डटी हुई हैं।
ऋषिका सिंह ने दिया जवाब
ऋषिका सिंह ने अब इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि “मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में कांवड़िये गुजरते हैं। उस रात मैं शामली बॉर्डर के पास ड्यूटी पर थी, जहां लोगों का भारी जमावड़ा रहता है। मैं काफी देर से देख रही थी कि श्रद्धालु लंबे समय से पैदल चल रहे हैं, खासकर महिलाएं, जो गंगाजल लेकर चल रही थीं। मेरे मन में ख्याल आया कि उन्हें जरूर थकावट या तकलीफ हो रही होगी।” उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने कुछ महिला कांवड़ियों से बातचीत की। इसके बाद मुझे जो सही लगा, वो मैंने अपनी तरफ से किया।
‘ड्यूटी के साथ सेवा भी’
ऋषिका सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रशासन की अपेक्षा है कि अधिकारी केवल ड्यूटी तक सीमित न रहें, बल्कि कांवड़ यात्रा में भाग ले रहे श्रद्धालुओं की सेवा और सहायता भी करें। उन्होंने बताया कि ADG, DIG और SSP सर चाहते हैं कि हम न सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखें बल्कि इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं का सहयोग भी करें। हम जहां तक संभव हो, अपनी भूमिका निभाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने आगे कहा, “जब हम खाकी पहनते हैं, तब हमारे लिए किसी जाति या धर्म का कोई भेदभाव मायने नहीं रखता। हमारे लिए मानवता की सेवा करना ही सच्ची ईश्वर सेवा होती है।” ऋषिका सिंह ने कहा कि उन्हें लोगों की मदद करना अच्छा लगता है और वे हमेशा यह सोचती हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की सहायता कैसे की जा सके। उनके लिए यही सबसे महत्वपूर्ण बात है।




