नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। विश्व हिंदू परिषद के दिल्ली प्रांत के मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक चिट्टी लिखी है। इस चिट्ठी में सीएम से मांग की गई है कि दिल्ली सरकार नवरात्रि के पहले दिन छुट्टी घोषित करे। VHP ने दिल्ली सरकार द्वारा हिंदू नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के मौके पर भव्य सांस्कृतिक आयोजन करने का निर्णय लिए जाने पर हर्ष जताया। सुरेंद्र गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री को पद संभालने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
नवरात्रि के पहले दिन अवकाश की मांग
कल 30 मार्च से नवरात्रि की शुरुआत होने वाली है। नवरात्रि की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले विश्व हिंदू परिषद ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चिट्ठी लिखी है जिसमें उन्होंने कहा है कि नवरात्रि के पहले दिन अवकाश घोषित किया जाए। ऐसा करने से भारतीय समाज अपनी संस्कृति के प्रति सजग होगा। और अपनी संस्कृति के प्रति उन्हें बेहद गर्व महसूस होगा। बता दें कि कल यानी 30 मार्च से नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। श्रद्धालु पूरे 9 दिन व्रत रखते हैं। इसके बाद रामनवमी के दिन इन नवरात्रि का समापन हो जाता है।
मंत्री कपिल मिश्रा ने किया हिंदू नववर्ष मनाने का ऐलान
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने हाल ही में बताया था कि हिंदू नववर्ष के मौके पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हम लोग बड़े कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहे हैं जिसकी शुरूआत दिल्ली विधानसभा से होगी। कला एवं संस्कृति मंत्रालय द्वारा चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 2025 का बड़ा कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है। जैसे दिवाली, 15 अगस्त या 26 जनवरी पर विधानसभा को सजाया जाता है उसी तरह से विधानसभा को सजाकर हिंदू नववर्ष का अच्छा उत्सव मनाया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों का क्रम अंबेडकर जयंती पर जाकर खत्म होगा।’




