UP में सफाईकर्मियों के खाते में जल्द आएंगे 16-20 हजार रुपये, CM योगी आदित्यनाथ की बड़ी घोषणा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सफाईकर्मियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने कहा कि, उनके खातों में जल्द ही 16 से 20 हजार रुपये तक जमा किए जाएंगे।

0
2
CM Yogi Adityanath
CM Yogi Adityanath

नई दिल्‍ली, रफ्तार डेस्‍क । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राज्य के सफाईकर्मियों के लिए बड़ा ऐलान किया। सीएम ने कहा कि कोई भी सफाईकर्मियों का शोषण नहीं कर पाएगा और उनके खातों में जल्द ही 16 से 20 हजार रुपये जमा किए जाएंगे।

सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के पिपलानी कटरा में ‘स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया और उन्हें स्वच्छता किट भेंट की, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और गर्व का माहौल बना।

योगी आदित्यनाथ ने समारोह में सफाईमित्रों पर पुष्पवर्षा भी की। उन्होंने घोषणा की कि, 7 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर राज्य में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “भगवान वाल्मीकि भारत की ऋषि परंपरा और सनातन धर्म के भाग्य विधाता हैं। वे त्रिकालदर्शी ऋषि हैं, जो हमारे हर रोम-रोम और श्वांस-श्वांस में भगवान राम का वास कराते हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि महर्षि वाल्मीकि दुनिया के पहले महाकाव्य के रचयिता और आदिकवि हैं।

स्वास्थ्य सुविधा भी होगी उपलब्ध

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, कुछ ही दिनों में स्वच्छताकर्मियों के बैंक खातों में सीधे 16 से 20 हजार रुपये भेजे जाएंगे और कोई उनका शोषण नहीं कर पाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि, सरकार सफाईकर्मियों और स्वच्छता मित्रों को पांच लाख रुपये तक की आयुष्मान भारत कार्ड स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि, 2014 में उन्होंने देश में स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य हर नागरिक को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।

सम्‍मानित होंगे स्वच्छता मित्र 

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस दीपावली हर स्वच्छता मित्र और सफाईकर्मी को मिठाई के साथ सम्मानित किया जाए, और हर गरीब के घर में दीपक जलें, ताकि त्योहार की खुशियाँ सब तक पहुंचे और दीपावली सच में सबके लिए रोशनी और मिठास लेकर आए।

हमारा काम समाज को जोड़ना- सीएम योगी 

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “यही समाज की समरसता है। हमारा काम समाज को जोड़ना है, जबकि तोड़ने का काम पहले से ही सपा और कांग्रेस कर रही हैं। हमें किसी भी हाल में समाज को विभाजित नहीं होने देना है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here