नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। नये आईटी नियमों को लेकर भारत सरकार के साथ जारी गतिरोध के बीच इन दिनों माइक्रो ब्लॉलिंग साइट ट्विटर की मुश्किल कम होने का नाम नहीं ले रही है। ट्विटर आए दिन नए-नए विवादों में फंसता जा रहा है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और बुलंदशहर के बाद अब दिल्ली में भी ट्विटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस ने ट्वीटर के खिलाफ पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला राष्ट्रीय बाल संरक्षण अधिकार आयोग (एनसीपीसीआर) की शिकायत पर दर्ज किया गया है। बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री डाले जाने को लेकर एनसीपीसीआर ने पहले भी शिकायत की थी। इस मामले को लेकर आयोग पहले से ही काफी गंभीर था और साइबर सेल एवं दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र भी लिखा जा चुका था। नोटिस भेजेगी पुलिस दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक इस मामले की जांच को लेकर ट्विटर को न केवल नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा, बल्कि ट्विटर के अधिकारियों को दिल्ली पुलिस पूछताछ के लिए भी बुला सकती है। ट्विटर के खिलाफ दिल्ली पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इसके पहले कांग्रेस टूल किट मामले में भी ट्विटर इंडिया के गुरुग्राम और लाडो सराय स्थित दफ्तरों में स्पेशल सेल ने नोटिस दिया था। वहीं ट्विटर के इंडिया हेड मनीष माहेश्वरी से बेंगलुरु में पूछताछ की गई थी। वहीं उप्र सरकार के आदेश पर भी हाल में ट्विटर पर लोनी बॉर्डर थाने में मामला दर्ज किया गया था। एनसीपीसीआर ने दी थी चेतावनी इससे पहले भी एनसीपीसीआर चाइल्ड पॉर्नोग्राफी को लेकर ट्विटर से संपर्क कर चुका है और आयोग ने कंपनी को पहले चेतावनी दी थी कि ऐसे मामलों के संबंध में उन्हें पुलिस को जानकारी देनी होगी। इस पर ट्विटर ने जवाब दिया था कि ये सभी ट्विटर इंक के दायरे में आता है जो अमेरिका में स्थिति है। इस पर आयोग ने गलत जानकारी देने के संबंध में भी कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




